पानसेमल में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दूसरा गंभीर घायल
ओसवाड़ा निवासी दो युवक बाइक से जा रहे थे, हादसे के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया

पानसेमल। शंकर सिरसाठ। क्षेत्र में 13 नवंबर को हुए सड़क हादसे में ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार तुलसीराम पिता दगा माली की मौत हो गई, जबकि हिमांशु पिता मनोज माली गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक ओसवाड़ा निवासी बताए गए हैं। उनकी बाइक को ट्रैक्टर क्रमांक MP 46 A 5537 ने टक्कर मार दी थी।
पानसेमल पुलिस ने मर्ग जांच के बाद ट्रैक्टर चालक के खिलाफ अपराध क्रमांक 260/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106(1) में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर जब्त कर थाने में खड़ा करवाया है। आरोपी चालक की तलाश के साथ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
वाहन की जांच और जिम्मेदारी पर सवाल
हादसे के बाद ट्रैक्टर के बीमा, फिटनेस, चालक के लाइसेंस और वाहन की गति की जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं। साथ ही यह भी जानना जरूरी है कि वाहन मालिक की जिम्मेदारी कैसे तय होगी और अनफिट वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग क्या कार्रवाई करेगा।
मृतक के परिवार को उचित क्षतिपूर्ति और घायल के उपचार की जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल हैं। एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया है, जबकि दूसरा घायल के इलाज की चिंता से जूझ रहा है। इन सवालों पर संबंधित विभागों का जवाब और कार्रवाई अपेक्षित है।



