खरगोन-बड़वानी

पानसेमल में 18 नवंबर से सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का भव्य आयोजन

’संत श्री राजा रामदास जी महाराज के मुखारविंद से होगी कथा, 18 नवंबर को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा शुभारंभ’

पानसेमल। शंकर शिरसाठ। नगर के श्री राधा कृष्ण धाम, मेंद्राणा पानसेमल में 18 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन स्वर्गीय पूज्यपाद श्री शिवरतन जी शुक्ला की पावन स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। कथा का रसपान परम पूजनीय संत श्री राजा रामदास जी महाराज के मुखारविंद से श्रद्धालुओं को कराया जाएगा।

आयोजन के मुख्य यजमान गिरिजा शंकर शुक्ला जी, चंद्रशेखर शुक्ला एवं समस्त शुक्ला परिवार पानसेमल रहेंगे। कथा का शुभारंभ 18 नवंबर को सुबह 9 बजे गायत्री मंदिर से दुर्गा मंदिर तक निकाली जाने वाली भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संगीतमय कथा का आयोजन किया जाएगा।

’सात दिनों तक होंगे धार्मिक प्रसंग एवं आकर्षक झांकियां’

कथा के दौरान प्रतिदिन भगवान के विभिन्न स्वरूपों की आकर्षक झांकियों के साथ धार्मिक एवं आध्यात्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 नवंबर को ध्रुव जी एवं भगवान जगन्नाथ की झांकी, 20 नवंबर को नरसिंह भगवान की झांकी एवं भक्त प्रहलाद प्रसंग, 21 नवंबर को वामन भगवान, श्रीराम जी एवं लाला के जन्मोत्सव का आयोजन होगा।

इसी क्रम में 22 नवंबर को नंदोत्सव, गिरिराज जी को 56 प्रकार का भोग एवं भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन किया जाएगा। 23 नवंबर को रासलीला, रुक्मणी स्वयंवर, हरिहर मिलन एवं होली उत्सव का आयोजन होगा। वहीं 24 नवंबर को भगवान श्रीकृष्ण के परम भक्त सुदामा जी के चरित्र का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा।

’24 नवंबर को विशाल भंडारे का आयोजन’

कथा के अंतिम दिवस 24 नवंबर को दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन भी रखा गया है। आयोजन समिति एवं शुक्ला परिवार ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार कथा में उपस्थित होकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने, धर्मलाभ प्राप्त करने एवं इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!