खरगोन-बड़वानी

राजपुर में बसपा की विचार संगोष्ठी, बिरसा मुंडा के विचार जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प

अनिल बडोले को जिला उपाध्यक्ष और रोहित शिंदे को बड़वानी विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी, युवाओं को संगठन में आगे बढ़ाने पर जोर

जनोदय पंच। राजपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में बहुजन समाज पार्टी ने विचार संगोष्ठी आयोजित कर उनके संघर्ष और आदिवासी समाज के अधिकारों पर चर्चा की। इस दौरान संगठन विस्तार, सामाजिक समानता, शिक्षा और बहुजन समाज की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ

आदिवासी समाज के महान क्रांतिकारी, स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में बहुजन समाज पार्टी जिला बड़वानी के तत्वावधान में राजपुर विधानसभा क्षेत्र में विचार संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि और उपस्थित पदाधिकारियों ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, भगवान बिरसा मुंडा, महात्मा ज्योतिबा फुले, माता सावित्रीबाई फुले और बहुजन आंदोलन के महानायक मान्यवर कांशीराम साहब सहित अन्य महापुरुषों के छायाचित्रों पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की।

संगोष्ठी में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, आदिवासी समाज की अस्मिता, जल-जंगल-जमीन पर अधिकार, सामाजिक समानता और शोषण के विरुद्ध उनके आंदोलन को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा आदिवासी समाज के स्वाभिमान, अधिकारों और स्वतंत्रता के प्रतीक हैं। अंग्रेजी हुकूमत और शोषणकारी व्यवस्था के विरुद्ध उनका संघर्ष आज भी समाज को प्रेरणा देता है।

उनका नारा ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ यानी ‘हमारा देश, हमारा राज’ आदिवासी समाज को अपने अधिकारों, संस्कृति, परंपराओं और स्वशासन के प्रति जागरूक रहने का संदेश देता है। वक्ताओं ने कहा कि उनका आंदोलन राजनीतिक स्वतंत्रता के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक अधिकारों की लड़ाई भी था।

युवाओं को संगठन में जिम्मेदारी देने पर दिया जोर

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बसपा मध्य प्रदेश के मुख्य जोन प्रभारी एडवोकेट कमलेश कुमार ने कहा कि पार्टी में शिक्षित, जागरूक और ऊर्जावान युवाओं को आगे बढ़ाने की जरूरत है। युवाओं को संगठन में जिम्मेदारी और नेतृत्व के अवसर दिए जाने चाहिए, ताकि बहुजन समाज की राजनीतिक भागीदारी मजबूत हो सके। उन्होंने युवाओं में संगठन के प्रति समर्पण, विचारधारा की समझ और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने पर जोर दिया।

विशिष्ट अतिथि इंदौर जोन प्रभारी धीरेंद्र निराला और विशेष अतिथि गजानन सावनेर ने भी बहुजन समाज की राजनीतिक इच्छाशक्ति, सामाजिक जागरूकता और संगठन विस्तार पर विचार रखे।

वक्ताओं ने बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के शिक्षा, संगठन और संघर्ष के संदेश तथा महात्मा ज्योतिबा फुले और माता सावित्रीबाई फुले के शिक्षा एवं सामाजिक समानता के लिए किए गए कार्यों को याद किया। साथ ही मान्यवर कांशीराम साहब के बहुजन समाज में राजनीतिक चेतना और सत्ता में भागीदारी बढ़ाने के प्रयासों का उल्लेख किया।

अनिल बडोले और रोहित शिंदे को मिली संगठन की जिम्मेदारी

संगोष्ठी के दौरान पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अनिल बडोले को बसपा जिला उपाध्यक्ष और रोहित शिंदे को बड़वानी विधानसभा अध्यक्ष नियुक्त किया गया। नई जिम्मेदारी मिलने पर उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों का माला पहनाकर स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बसपा जिला अध्यक्ष बद्री वर्मा ने की। संचालन अनिल बडोले ने किया, जबकि आभार राजपुर विधानसभा अध्यक्ष दिनेश चौहान ने माना।

इस अवसर पर प्रेम सिंह वास्केल, महेश चौहान, संतोष अजनारे, जितेंद्र आमकरें, सेंधवा नगर अध्यक्ष महेश दरबार, नगर कोषाध्यक्ष डेविड अहीरे, जिला महासचिव महेश अहीरे, राजपुर नगर अध्यक्ष सहित बसपा के दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

महापुरुषों के विचार जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, महात्मा ज्योतिबा फुले, माता सावित्रीबाई फुले और मान्यवर कांशीराम साहब के विचार समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया। साथ ही शिक्षा, सामाजिक समानता, संवैधानिक अधिकारों, आदिवासी अस्मिता और बहुजन समाज की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने के लिए संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की बात कही गई।

वक्ताओं ने कहा कि महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि उनके विचारों को अपनाकर समाज में समानता, स्वतंत्रता, भाईचारे और न्याय की स्थापना के लिए निरंतर प्रयास करना है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!