सेंधवा

सेंधवा महाविद्यालय के युवा उत्सव में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, विभिन्न प्रतियोगिताओं में हासिल किए प्रथम स्थान

भारतीय ज्ञान परंपरा, पर्यावरण संरक्षण और जनजातीय संस्कृति पर हुई विचारोत्तेजक प्रस्तुतियां, साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं रुपांकन विधाओं में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

जनोदय पंच। सेंधवा। वीर बलिदानी खाज्या नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को युवा उत्सव के अंतर्गत साहित्यिक, सांस्कृतिक और रुपांकन विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने वाद-विवाद, भाषण, गायन, लोकनृत्य और एकांकी के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न विधाओं में विजेताओं को प्रथम और द्वितीय स्थान मिले।

भारतीय ज्ञान परंपरा और पर्यावरण संरक्षण पर रखे विचार

साहित्यिक विधा में वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय ‘क्या वर्तमान में भारतीय ज्ञान परंपरा का महत्व कम हो गया है’ रखा गया। पक्ष में विद्यार्थियों ने पश्चिमी शिक्षा के प्रभाव, भाषा से दूरी, रोजगार केंद्रित सोच और आधुनिक जीवनशैली को भारतीय ज्ञान परंपरा से दूर होने का कारण बताया। वहीं विपक्ष में विद्यार्थियों ने कहा कि योग और आयुर्वेद का विश्वव्यापी प्रचार, नई शिक्षा नीति 2020 और डिजिटल युग में बढ़ती जागरूकता भारतीय ज्ञान परंपरा के महत्व को दर्शाती है। समय के साथ इसका स्वरूप बदला है, महत्व कम नहीं हुआ।

भाषण प्रतियोगिता का विषय ‘पर्यावरण संरक्षण में जनजातीय ज्ञान परंपरा की भूमिका’ था। विद्यार्थियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए तकनीक विदेशों से लाने के बजाय जनजातीय समाज के पारंपरिक ज्ञान और अनुभवों से भी सीखने की जरूरत है। पर्यावरण बचाने में जनजातीय समुदाय की भूमिका और योगदान को महत्वपूर्ण बताया गया।

एकांकी, गायन और नृत्य में दिखाई प्रतिभा

सांस्कृतिक विधा में गायन और लोकनृत्य तथा रुपांकन विधा में एकांकी का आयोजन हुआ। ‘ग्राम सभा की बैठक’ नामक एकांकी के माध्यम से गांवों की समस्याओं और उनके समाधान प्रस्तुत किए गए। इसमें भटकते युवाओं को सही मार्गदर्शन देने के विषय को भी उठाया गया।

प्रतियोगिताओं के परिणामों में वाद-विवाद के विपक्ष वर्ग में चेतन चौहान प्रथम और दीप शिखा बाविस्कर द्वितीय रहे। भाषण प्रतियोगिता में अनिका बहारे प्रथम और अदिति तंवर द्वितीय स्थान पर रहीं। एकल गायन में रीता भोसले प्रथम, जागीराम द्वितीय और आकाश तृतीय रहे। शास्त्रीय एकल गायन में दीपशिखा बाविस्कर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। समूह गायन में रीता भालसे ग्रुप प्रथम और उमेश डावर ग्रुप द्वितीय रहा।

एकांकी नाटक में कमलेश सेनानी ग्रुप प्रथम रहा। शास्त्रीय एकल नृत्य में भूमि शर्मा प्रथम रहीं, जबकि समूह नृत्य में मीना निगवाल एंड ग्रुप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शास्त्रीय एकल नृत्य में भूमि शर्मा की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही।

प्राध्यापकों और निर्णायकों ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी

कार्यक्रम को डॉ. जितेश्वर खरते, प्रो. जितेन्द्र सूर्यवंशी, जगदीश प्रसाद, डॉ. विकास पंडित, डॉ. मनोज तारे, प्रो. दिनेश चंद्र भुरिया, डॉ. विष्णु निकुम, डॉ. राहुल सूर्यवंशी, प्रो. इरशाद मंसूरी, प्रो. अरुण सेनानी, डॉ. परमसिंह बरडे, प्रो. सायसिंग अवास्या, प्रो. बलराम डूडवे, प्रो. भारतसिंह जामोद और प्रो. तपन चौबे ने सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

प्रतियोगिताओं के निर्णायक डॉ. दिनेश कनाडे, प्रो. बीएस जमरे, प्रो. दिनेश चंद्र भुरिया, डॉ. महेश बाविस्कर, डॉ. संगीता परमार, प्रो. इरशाद मंसूरी, प्रो. लेफ्टिनेंट संजय चौहान, डॉ. राहुल सूर्यवंशी, प्रो. दीपक मरमट, प्रो. मीतू मोतियानी, डॉ. रेखा पंवार और प्रो. आयूश्री अलावे रहे।

कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. जीएसएस वास्कले, डॉ. संतोषी अलावा, डॉ. यशोदा चौहान, डॉ. संतरा चौहान और डॉ. किशोर सोलंकी, डॉ. विक्रम जाधव सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। यह जानकारी युवा उत्सव प्रभारी प्रो. अरुण सेनानी ने दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!