बड़वानी में 58.51 करोड़ की तीन सड़क परियोजनाओं को मंजूरी, 15.5 किलोमीटर के मार्गों का होगा निर्माण
ओझर बायपास पर 41.93 करोड़ होंगे खर्च, नागलवाड़ी से पीपरखेड़ा तक बनेगा बायपास; सड़क चौड़ीकरण को भी मिली स्वीकृति

जनोदय पंच। बड़वानी। जिले में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए 58.51 करोड़ रुपये की लागत से तीन निर्माण कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। इनमें ओझर बायपास, नागलवाड़ी बुजुर्ग तक सड़क चौड़ीकरण और नागलवाड़ी से पीपरखेड़ा तक बायपास निर्माण शामिल हैं।
ओझर बायपास पर खर्च होंगे 41.93 करोड़
स्वीकृत कार्यों में 7 किलोमीटर लंबा ओझर बायपास प्रमुख है। इसके निर्माण पर 41.93 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बायपास बनने से शहर में भारी वाहनों का दबाव कम होने और जाम की समस्या घटने की उम्मीद है।
नागलवाड़ी मार्ग का होगा चौड़ीकरण
श्री भीलटदेव गार्डन से ग्राम नागलवाड़ी बुजुर्ग तक 4 किलोमीटर सड़क चौड़ी की जाएगी। इस कार्य पर 10.19 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़क चौड़ी होने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही आसान होगी। किसानों को उपज मंडी तक फसल ले जाने और विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
नागलवाड़ी से पीपरखेड़ा तक बनेगा बायपास
ग्राम नागलवाड़ी से पीपरखेड़ा तक 4.50 किलोमीटर लंबा बायपास बनाया जाएगा। इसकी लागत 6.38 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इसके बनने से ग्रामीणों को सीधा और कम दूरी का रास्ता उपलब्ध होगा।
कृषि कैबिनेट बैठक में रखी थी मांग
भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव ने बताया कि नागलवाड़ी में आयोजित कृषि कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सामने क्षेत्र की सड़क संबंधी जरूरतें रखी गई थीं। उन्होंने इन निर्माण कार्यों को मंजूरी देने की मांग की थी। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने खराब सड़कों के कारण ग्रामीणों को हो रही परेशानियों से भी अवगत कराया था। यादव के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने मांग पर स्वीकृति प्रदान की।



