बड़वानी के भगवान नगर में कचरे की बदबू से लोग परेशान, मेधा पाटकर ने मौके पर पहुंचकर सुनी समस्याएं
ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास रहने वालों ने बीमारी, आवारा कुत्तों और गंदगी की शिकायत की; नगर पालिका से कचरा हटाने की मांग

जनोदय पंच। बड़वानी। शहर के भगवान नगर और कैलाश नगर के बीच स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में कचरा डाले जाने से आसपास के रहवासी परेशान हैं। बुधवार दोपहर नर्मदा बचाओ आंदोलन की नेत्री मेधा पाटकर मौके पर पहुंचीं और ट्रेंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण कर रहवासियों से उनकी समस्याएं सुनीं।
कचरे की बदबू और प्रदूषण से परेशानी
मेधा पाटकर ने कहा कि नगर पालिका की कचरा गाड़ियां दिनभर यहां कचरा डालने आती हैं। कॉलोनी की सीमा के पास और दीवारों के अंदर भी कचरा डाला जा रहा है। पहले कचरा दूर डाला जाता था, लेकिन लोगों के घर बनाकर रहने आने के बाद हालात बिगड़ गए हैं। उन्होंने बताया कि भगवान नगर कॉलोनी नानू राम धनगर ने खेती की जमीन बेचकर बसाई थी। लोगों ने प्लॉट खरीदकर और कर्ज लेकर यहां मकान बनाए हैं।
मेधा पाटकर ने कहा कि कचरे से फैल रही बदबू और प्रदूषण के कारण महिला, पुरुष और बच्चे बीमार हो रहे हैं। स्थिति ऐसी ही बनी रही तो लोगों की जान को खतरा हो सकता है।
रहवासियों ने बताई अपनी परेशानी
रहवासी शकुंतला मुजाल्दे ने बताया कि कचरे की बदबू चौबीसों घंटे बनी रहती है। उनके परिवार के सदस्य और सास भी बीमार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हर 15-20 दिन में आवारा कुत्तों को यहां छोड़ दिया जाता है। मरे हुए कुत्तों को भी गीले कचरे में फेंक दिया जाता है। शिकायत करने पर उनके ऊपर मिट्टी डलवा दी जाती है।
कचरा हटाने और सफाई कराने की मांग
रहवासियों ने बताया कि पिछले तीन महीनों से कॉलोनी के खुले स्थान पर शहर का कचरा डाला जा रहा है। इससे दुर्गंध, मक्खी-मच्छरों और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। आवारा कुत्तों और पशुओं की समस्या भी बनी हुई है। लोगों ने नगर पालिका से कचरा डालना तत्काल बंद करने, जमा कचरा हटाने और क्षेत्र में साफ-सफाई के साथ दवा का छिड़काव कराने की मांग की। मौके पर सरपंच मालु डावर और सचिव भी मौजूद रहे।



