खरगोन-बड़वानी

बड़वानी के ठान गांव में नहरों की बदहाली से 200 किसानों की फसल पर संकट, खेतों तक नहीं पहुंच रहा सिंचाई का पानी

ठान तालाब में पर्याप्त पानी, लेकिन झाड़ियों और टूटी नहरों से अटकी सिंचाई; शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

जनोदय पंच। बड़वानी। राजपुर तहसील के ग्राम ठान में नहरों की सफाई और मरम्मत नहीं होने से 200 से अधिक किसानों के सामने सिंचाई का संकट खड़ा हो गया है। तालाब में पर्याप्त पानी होने के बावजूद खेतों तक पानी नहीं पहुंच रहा। किसानों ने विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

नहरों में उगी कांटेदार झाड़ियां

किसान सुरेश कनासे ने बताया कि ठान तालाब की नहरें करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में फैली हैं, जिनसे 200 से अधिक किसानों के खेतों तक पानी पहुंचता है। नहरों में कांटेदार झाड़ियां और घास उगने से पानी का प्रवाह रुक गया है। कई जगह नहरें झाड़ियों से पूरी तरह ढक गई हैं। किसानों का कहना है कि जल संसाधन विभाग ठिकरी ने कई सालों से नहरों की सफाई और मरम्मत नहीं कराई है।

गेहूं की फसल पर मंडरा रहा संकट

किसान छिलफिया भाई ने बताया कि किसानों ने सूखे में ही गेहूं की बुवाई कर दी है। अब फसल के अंकुरण और शुरुआती बढ़वार के लिए पानी की जरूरत है, लेकिन सिंचाई नहीं हो पा रही। किसानों ने बीज और खाद के लिए कर्ज लिया है। समय पर पानी नहीं मिलने से फसल खराब होने और कर्ज चुकाने का संकट खड़ा हो सकता है।

टूटी नहरों से नालों में बह रहा पानी

किसानों के मुताबिक, नहरें कई स्थानों पर टूटी हुई हैं। इसके कारण पानी खेतों तक पहुंचने के बजाय नालों में बह रहा है। टूटे हिस्सों से निकलने वाला पानी आसपास के खेतों में जलभराव कर रहा है, जिससे दूसरी फसलों को भी नुकसान होने की आशंका है।

आंदोलन की चेतावनी, कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग

किसानों का आरोप है कि कई बार लिखित और मौखिक शिकायत करने के बावजूद विभाग ने ध्यान नहीं दिया। उन्होंने नहरों की तत्काल सफाई और मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। किसानों ने कलेक्टर और विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से भी हस्तक्षेप की मांग की है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!