सेंधवा के पोरलाल खरते को कांग्रेस ने बनाया AICC सचिव, राजस्थान की मिली जिम्मेदारी; राष्ट्रीय संगठन में बढ़ा कद
राज्य कर अधिकारी की नौकरी छोड़ राजनीति में आए खरते ने 2024 में खरगोन-बड़वानी लोकसभा सीट से लड़ा था चुनाव।

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। सेंधवा। छोटे से गांव से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति में पहचान बनाने वाले कांग्रेस नेता को पार्टी ने संगठन में नई जिम्मेदारी सौंपी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने उन्हें सचिव नियुक्त करते हुए राजस्थान राज्य का दायित्व दिया है।
AICC की नई पदाधिकारी सूची में मिली जगह
सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के वरला तहसील अंतर्गत मेंदलियापानी गांव के रहने वाले कांग्रेस नेता पोरलाल खरते को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) का सचिव नियुक्त किया गया है। गुरुवार को जारी पार्टी की पदाधिकारियों की सूची में उनका नाम शामिल किया गया। इसके साथ ही उन्हें राजस्थान राज्य की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
राज्य कर अधिकारी की नौकरी छोड़ राजनीति में आए
पोरलाल खरते किसान परिवार से आते हैं। राजनीति में सक्रिय होने से पहले वे मध्यप्रदेश शासन में राज्य कर अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। इंदौर में पदस्थ रहने के दौरान सितंबर 2023 में उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली और सक्रिय राजनीति में कदम रखा।
2024 में खरगोन-बड़वानी सीट से लड़ा था लोकसभा चुनाव
कांग्रेस ने 12 मार्च 2024 को खरगोन-बड़वानी लोकसभा सीट से पोरलाल खरते को अपना प्रत्याशी घोषित किया था। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ा। 13 मई 2024 को मतदान हुआ था। इस चुनाव में खरते को करीब 1.35 लाख वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव परिणाम के बाद भी वे कांग्रेस संगठन और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे।
आदिवासी समाज के मुद्दों को लेकर चलाए अभियान
खरते ने राजनीतिक गतिविधियों के साथ सामाजिक क्षेत्र में भी अपनी सक्रियता बनाए रखी। आदिवासी समाज के मुद्दों, संस्कृति, प्रकृति और लोकतंत्र से जुड़े विषयों को लेकर उन्होंने विभिन्न यात्राएं और अभियान चलाए। अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के नेशनल कोऑर्डिनेटर के रूप में भी उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों में भागीदारी की।
राजस्थान में संभालेंगे कांग्रेस संगठन की जिम्मेदारी
AICC सचिव नियुक्त होने के बाद अब पोरलाल खरते राजस्थान में कांग्रेस संगठन की जिम्मेदारी संभालेंगे। सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के छोटे से गांव मेंदलियापानी से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी संगठन में सचिव पद तक पहुंचने का उनका सफर बड़वानी जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।



