खरगोन-बड़वानी

निवाली में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने पर जोर, जर्जर स्कूल भवनों का मुद्दा भी उठा

शिक्षकों को नियमित टेस्ट, रेमेडियल कक्षाएं और विशेष अभ्यास कराने के निर्देश, पेयजल व बुनियादी समस्याओं के निराकरण में जनपद स्तर से सहयोग का आश्वासन

जनोदय पंच। निवाली। आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम लाने और शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें विद्यालयों की व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति, परीक्षा की तैयारी और मध्याह्न भोजन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

शत-प्रतिशत परिणाम के लिए विद्यार्थियों को करें प्रेरित

स्थानीय जनपद पंचायत सभागृह में गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को आयोजित बैठक में जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) माधव (महादेव) अग्रवाल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) मनोज मराठे तथा जनपद अध्यक्ष एवं जनपद प्रतिनिधि चेतन सिंह पटेल उपस्थित रहे। बैठक में विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों और हाईस्कूलों के प्राचार्य, संकुल प्राचार्य, शिक्षक एवं जनशिक्षक शामिल हुए।

सीईओ माधव अग्रवाल ने प्राचार्यों और शिक्षकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि परीक्षा का समय बच्चों के लिए तनावपूर्ण होता है। छोटी-छोटी बातों को लेकर विद्यार्थी घबरा जाते हैं। शिक्षकों को चाहिए कि वे बच्चों को उचित मार्गदर्शन देकर परीक्षा के भय से मुक्त करें और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित करें। इससे विद्यार्थी बेहतर अंक हासिल कर सकेंगे और परीक्षा परिणाम में सुधार होगा।

उन्होंने शिक्षकों को नियमित रूप से टेस्ट पेपर लेने, कठिन विषयों और बिंदुओं को चिह्नित कर उन पर विशेष अध्यापन कराने तथा विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रश्नपत्र का पैटर्न समझाने और उत्तर लिखने की सही विधि का अभ्यास कराने पर जोर दिया। बैठक में मध्याह्न भोजन व्यवस्था के तहत स्व-सहायता समूहों को बर्तन खरीदी के लिए दी गई राशि के उपयोग को लेकर भी चर्चा हुई।

शिक्षा देना पुण्य का कार्य, समस्याओं में करेंगे सहयोग

जनपद प्रतिनिधि चेतन सिंह पटेल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को शिक्षित करना पुण्य का कार्य है। शिक्षक इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने की आवश्यकता है, जिससे विद्यालय के साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हो।

उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी विद्यालय में पेयजल या अन्य बुनियादी समस्या होने पर उन्हें अवगत कराया जाए। जनपद स्तर से समस्याओं के निराकरण के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

कोचिंग की तर्ज पर तैयारी और रेमेडियल कक्षाओं के निर्देश

विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनोज मराठे ने कहा कि परीक्षा के अंतिम समय में विद्यार्थियों की तैयारी कोचिंग की तर्ज पर कराई जाए। छोटे और बड़े प्रश्नों का बार-बार अभ्यास और रिवीजन कराया जाए। बाजार में उपलब्ध विभिन्न प्रश्न बैंकों का उपयोग कर विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए तैयार करें।

उन्होंने शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की परीक्षा में सहभागिता सुनिश्चित करने, रेमेडियल कक्षाएं संचालित करने और अर्थ प्रबंधन के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जर्जर स्कूल भवनों का मुद्दा उठा, एकलव्य विद्यालय की अनुपस्थिति पर चर्चा

बैठक में जनशिक्षक भीमराज पंवार ने विकासखंड के जर्जर शाला भवनों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कई विद्यालयों के भवन अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं। इसके कारण शिक्षकों को अध्यापन कराने और विद्यार्थियों को बैठने में परेशानी होती है। इस संबंध में पूर्व में भी कई बार सूचना दी जा चुकी है। उन्होंने छात्रहित में भवनों की स्थिति जल्द सुधारने की आवश्यकता बताई।

बैठक में एकलव्य विद्यालय की अनुपस्थिति को लेकर भी चर्चा रही। अंत में संकुल प्राचार्य गवली, राठौड़, बालक प्राचार्य सन्तु मंडलोई और कन्या प्राचार्य राधेश्याम सहित अन्य जनशिक्षकों ने शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने और पठन-पाठन की गुणवत्ता सुधारने के संबंध में अपने सुझाव रखे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!