सेंधवा; बिजली संकट पर विधायक मोंटू सोलंकी का ग्रिड पर घेराव, अधिकारियों से तीखी बहस के बाद दो दिन का अल्टीमेटम
रामगढ़ी ग्रिड पांच महीने से बंद, चाचरिया पाटी ग्रिड पर अतिरिक्त लोड से किसान परेशान; समाधान नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी।

जनोदय पंच। सेंधवा। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिलने और लगातार कटौती से नाराज किसानों ने बिजली ग्रिड का घेराव किया। इस दौरान बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग उठी। अधिकारियों से चर्चा के बाद दो दिन में समस्या का समाधान करने का अल्टीमेटम दिया गया।
बिजली कटौती से सिंचाई और गेहूं की बोवनी प्रभावित
किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिलने और बार-बार कटौती से परेशान होकर सेंधवा विधायक श्री मोंटू सोलंकी के नेतृत्व में चाचरिया पाटी बिजली ग्रिड का घेराव किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए और बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
किसानों ने बताया कि बिजली आने पर वे सिंचाई के लिए खेतों की ओर जाते हैं, लेकिन खेत तक पहुंचने से पहले ही आपूर्ति बंद हो जाती है। किसानों के पास अब केवल एक-दो बार सिंचाई करने लायक पानी बचा है। इसके बाद फसल बचाना मुश्किल हो जाएगा। अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण कई किसान अब तक गेहूं की बोवनी भी नहीं कर पाए हैं।
किसानों ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि देश का अन्नदाता अपनी फसल की सिंचाई के लिए रातभर जागकर बिजली का इंतजार करने को मजबूर है। जब पूरा देश चैन से सोता है, तब किसान खेतों में अपनी फसल बचाने के लिए जागता रहता है। किसानों को भी सम्मानपूर्वक और नियमित बिजली मिलनी चाहिए।

चाचरिया पाटी ग्रिड के अतिरिक्त लोड पर उठाए सवाल
घेराव के दौरान विधायक श्री मोंटू सोलंकी ने बिजली विभाग के अधिकारियों के सामने किसानों की समस्याएं उठाईं और व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। बार-बार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने को लेकर विधायक और अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई।
विधायक ने सवाल उठाया कि चाचरिया पाटी ग्रिड पर अतिरिक्त लोड की समस्या को लेकर पहले भी कई बार विभाग को अवगत कराया जा चुका है, इसके बावजूद अब तक व्यवस्था में सुधार क्यों नहीं किया गया। उन्होंने पूछा कि किसानों को बार-बार परेशानी क्यों उठानी पड़ रही है।
पांच महीने से बंद रामगढ़ी ग्रिड का मुद्दा उठाया
विधायक श्री सोलंकी ने रामगढ़ी बिजली ग्रिड के पांच महीने से बंद होने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर कलेक्टर, एसडीएम और बिजली विभाग के एसी स्तर के अधिकारियों की ओर से कोई गंभीर पहल नजर नहीं आ रही है। पांच महीने से ग्रिड बंद होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने इसकी सुध क्यों नहीं ली।
उन्होंने कहा कि रामगढ़ी ग्रिड चालू होने से आसपास के किसानों को राहत मिल सकती है। साथ ही चाचरिया पाटी ग्रिड पर अतिरिक्त लोड भी कम हो सकता है। विधायक ने स्पष्ट किया कि बिजली संकट केवल चाचरिया पाटी क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के किसान अनियमित आपूर्ति और कटौती से परेशान हैं।
दो दिन का अल्टीमेटम, समाधान नहीं तो होगा आंदोलन
विधायक ने फोन कॉल के माध्यम से बिजली विभाग के जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारियों को भी क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया और तत्काल समाधान की मांग की। उन्होंने अधिकारियों को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि निर्धारित समय में बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिली तो पूरे क्षेत्र के किसानों के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
विधायक श्री मोंटू सोलंकी ने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है। उसे अपनी मेहनत से बोई गई फसल बचाने के लिए रातभर बिजली का इंतजार करना पड़े, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। रामगढ़ी ग्रिड पांच महीने से बंद है, चाचरिया पाटी ग्रिड पर अतिरिक्त लोड है और पूरे सेंधवा विधानसभा क्षेत्र के किसान बिजली संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों को उनकी परेशानी की चिंता नहीं है। किसानों को उनका अधिकार और पर्याप्त बिजली दिलाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसानों के हक और अधिकार की लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी और उनकी आवाज दबने नहीं दी जाएगी।
दो दिन में बिजली समस्या दूर करने का आश्वासन
विधायक के नेतृत्व में हुए घेराव के दौरान बिजली कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी सखाराम खरते भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने विधायक और किसानों के साथ चर्चा कर भरोसा दिलाया कि अगले दो दिनों में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इसके अलावा, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक सप्ताह के भीतर रामगढ़ी बिजली ग्रिड का काम शुरू करने की बात भी कही।



