सेंधवा

सेंधवा के ग्राम मालवन में 4 दिसंबर को होगा शहीद टंट्या भील की प्रतिमा का अनावरण, तैयारियों को लेकर तीसरी बैठक में बनी आयोजन की रूपरेखा

आयोजन को सामाजिक एकता और आदिवासी अधिकारों की आवाज बनाने पर जोर, रैली, पार्किंग, मंच संचालन और आमसभा की व्यवस्थाओं पर हुआ विचार-विमर्श।

जनोदय पंच। सेंधवा। ग्राम मालवन में 4 दिसंबर 2026 को शहीद जननायक टंट्या भील की शहादत दिवस पर मूर्ति अनावरण कार्यक्रम आयोजित होगा। तैयारियों को लेकर हुई तीसरी बैठक में आयोजन समितियों के गठन, रैली, पार्किंग और आमसभा की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

आयोजन की तैयारियों को लेकर तीसरी बैठक

शहीद जननायक टंट्या भील के शहादत दिवस के अवसर पर 4 दिसंबर 2026 को ग्राम मालवन में उनकी मूर्ति का भव्य अनावरण किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए ग्राम मालवन में आयोजन की तीसरी बैठक आयोजित की गई। इसमें कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई।

बैठक में संचालन समिति और आयोजन समिति के गठन, रैली के मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, मंच संचालन, आमसभा की व्यवस्थाओं और आमंत्रित वक्ताओं की सूची तैयार करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही आमसभा में उठाए जाने वाले प्रमुख विषयों और सामाजिक मुद्दों की सूची भी तैयार की गई।

जल-जंगल-जमीन और आदिवासी अधिकारों पर होगी चर्चा

प्रवक्ता विजय सोलंकी ने बताया कि बैठक में आदिवासी समाज और क्षेत्र से जुड़े सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इनमें जल, जंगल, जमीन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, पलायन, संवैधानिक अधिकारों तथा आदिवासी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण जैसे विषय शामिल हैं। इन मुद्दों को आमसभा के माध्यम से प्रमुखता से उठाने पर विचार किया गया।

बैठक में मौजूद सामाजिक कार्यकर्ताओं, वरिष्ठजनों और युवाओं ने कहा कि आयोजन को केवल मूर्ति अनावरण तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि इसे आदिवासी समाज की एकता, सामाजिक जागरूकता, ऐतिहासिक विरासत और हक-अधिकारों की आवाज बुलंद करने का माध्यम बनाया जाए।

सामूहिक भागीदारी से आयोजन को सफल बनाने का संकल्प

बैठक में उपस्थित लोगों ने आपसी सहयोग, जिम्मेदारी और सामूहिक भागीदारी के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया। आयोजन को लेकर कहा गया कि यह केवल मूर्ति अनावरण नहीं, बल्कि शहीद टंट्या मामा के संघर्ष, बलिदान, स्वाभिमान और विचारों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास है।

आयोजकों ने क्षेत्रवासियों और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि 4 दिसंबर 2026 को ग्राम मालवन पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल हों और आयोजन के सहभागी बनें।

विधायक सहित कई लोग रहे मौजूद

बैठक में क्षेत्रीय विधायक मोंटू सोलंकी, भुवानसिंह जाधव, सुरलाल कन्नौजे, मिलदार कनोजे, सुनील गुथरे, अजय नरगावे, सुनील आर्य, दीवान गुथरे, शिवम ब्राह्मणे, बबलू आर्य, चुखाराम जाधव, रंजीत गुथरे, रायसन डावर, ग्यारसीलाल मोरे, मकराम चौहान, दयाराम कनोजे, रवि निंगवाल, कलम अवाया, सुनील डावर, प्रताप नरगावे, पंकज मालवीया, मालसिंह चौहान, रामेश्वर कनौजे, अमर सोलंकी, सुनील चौहान और आर्य सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!