बड़वानी में होटल के सामने खड़ी ईको कार से मिली भारी मात्रा में अवैध शराब, पुलिस ने 6.84 लाख का मशरूका किया जब्त
जुलवानिया पुलिस ने 1.84 लाख रुपए की देशी-विदेशी शराब और बीयर पकड़ी, पुलिस को देखकर चालक फरार, डायल-112 की सूचना पर हुई कार्रवाई।

जनोदय पंच। बड़वानी। अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बकवाड़ी में एक लावारिस ईको कार से बड़ी मात्रा में शराब और बीयर बरामद की। जब्त शराब और वाहन सहित कुल 6.84 लाख रुपए की संपत्ति है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
डायल-112 की सूचना पर होटल के सामने पहुंची पुलिस
जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अभियान चला रही है। इसी क्रम में प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी राजपुर बी.एल. अटोदे के मार्गदर्शन में जुलवानिया पुलिस ने कार्रवाई की।
20 नवंबर 2026 को थाना जुलवानिया पुलिस कस्बे में गश्त, वाहन चेकिंग और एबी रोड पर पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान डायल-112 पर तैनात आरक्षक क्रमांक 356 वीरेन्द्र बालके ने सूचना दी कि एबी रोड पर बकवाड़ी स्थित श्री शिव कृपा होटल के सामने अवैध शराब से भरी संदिग्ध ईको कार खड़ी है।
कार से 12 बोतल, 1388 पाव और 328 बीयर केन जब्त
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां सफेद रंग की ईको कार क्रमांक MP09-DU-5072 लावारिस हालत में खड़ी मिली। पुलिस की भनक लगते ही उसका चालक फरार हो गया था। गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर अंदर विभिन्न ब्रांड की देशी-विदेशी शराब और बीयर मिली।
पुलिस ने 12 बोतल, 1388 पाव शराब और 328 बीयर केन जब्त किए। इनकी अनुमानित कीमत 1 लाख 84 हजार 400 रुपए बताई गई है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल ईको कार की कीमत 5 लाख रुपए आंकी गई है। इसके अलावा शराब ढकने में इस्तेमाल किए गए दो काले कपड़े भी जब्त किए गए, जिनकी कीमत 200 रुपए है। इस तरह कुल 6 लाख 84 हजार 600 रुपए का मशरूका जब्त किया गया।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज, चालक की तलाश
पुलिस के अनुसार शराब के परिवहन और आधिपत्य के संबंध में चालक के पास कोई वैध लाइसेंस या अनुज्ञप्ति नहीं थी। इस पर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना जुलवानिया में अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और फरार चालक की तलाश की जा रही है।



