सेंधवा में संभाग स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बुरहानपुर बना विजेता, फाइनल में खंडवा को सीधे सेटों में हराया
पांच जिलों की टीमों ने लिया हिस्सा, 12 सदस्यीय विश्वविद्यालय टीम का चयन; रीवा में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेगी प्रतिनिधित्व।

जनोदय पंच। सेंधवा। वीर बलिदानी खाज्या नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में संभाग स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित हुई। पांच जिलों की टीमों के बीच हुए मुकाबलों में बुरहानपुर ने खंडवा को हराकर खिताब जीता। प्रतियोगिता के बाद राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिए 12 खिलाड़ियों का चयन किया गया।
पांच जिलों की टीमों ने लिया हिस्सा
वीर बलिदानी खाज्या नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेंधवा में क्रांति सूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय खरगोन के अंतर्गत संभाग स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर जिलों की टीमों ने भाग लिया। खिलाड़ियों का परिचय महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. जीएस वास्कले, डॉ. विक्रम जाधव, प्रो. लेफ्टिनेंट संजय चौहान, स्पोर्ट्स प्रभारी प्रो. शुभम वर्मा और स्पोर्ट्स ऑफिसर जगदीश प्रसाद ने लिया।
फाइनल में बुरहानपुर ने खंडवा को हराया
प्रतियोगिता का पहला लीग मुकाबला खरगोन और अलीराजपुर के बीच हुआ, जिसमें खरगोन की टीम विजेता रही। पहले सेमीफाइनल में बुरहानपुर ने बड़वानी को हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में खंडवा ने खरगोन को शिकस्त दी। फाइनल मुकाबला बुरहानपुर और खंडवा के बीच हुआ। इसमें बुरहानपुर ने 15-7 और 15-5 से एकतरफा जीत दर्ज कर संभागीय खिताब अपने नाम किया।

मैच रेफरी की भूमिका जयप्रकाश भारती, कुलदीप चौधरी, यश शर्मा और हर्षल गिरनार ने निभाई। कमेंट्री प्रो. इरशाद मंसूरी ने की। स्पोर्ट्स ऑफिसर अंजुबाला ठाकरे (निवाली), संतोष भालसे (खंडवा) और प्रकाश इंगले (बुरहानपुर) भी प्रतियोगिता में पहुंचे।
12 सदस्यीय टीम का चयन, रीवा में करेगी प्रतिनिधित्व
आयोजन को सफल बनाने में प्रो. दिनेश चंद्र भुरिया, प्रो. परमसिंह बरडे, प्रो. भारतसिंह जामोद, प्रो. बलराम डूडवे, प्रो. संतोष पटेल, तपन चौबे, डॉ. जितेंद्र साईखेड़िया, प्रो. सायसिंग अवास्या, प्रो. नितिन डावर और डॉ. राहुल सूर्यवंशी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इसके बाद चयन समिति के सदस्य डॉ. अविनाश वर्मा (अंजड़) और दुर्गेश ठाकुर (खरगोन) ने 12 सदस्यीय टीम का चयन किया। इसमें बुरहानपुर से जयशिवा जाधव, अक्षय बारी, पंकज महाजन और देवेंद्र महाजन, खंडवा से नीरज गार्गव, शिवम शर्मा और सिद्धार्थ पंवार, खरगोन से पियुष ठाकुर और यश पाटीदार तथा बड़वानी से संजय डूडवे, जयश लोनारी और विनय वास्कले शामिल हैं।
चयनित टीम रीवा में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगी। यह जानकारी स्पोर्ट्स ऑफिसर जगदीश प्रसाद ने दी।



