बड़वानी जिले को बड़ी सौगात, 92 विकास कार्यों के लिए ₹12 करोड़ 63 लाख 57 हजार की स्वीकृति
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं अवसंरचना योजना के तहत होंगे सामुदायिक भवन, सीसी सड़क एवं पुलिया निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्य

बड़वानी :लोकसभा सांसद श्री गजेन्द्र सिंह पटेल की मांग और निरंतर प्रयासों को सफलता मिली है। बड़वानी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं स्थानीय आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से सांसद श्री पटेल द्वारा उठाए गए विषयों पर राज्य शासन ने सकारात्मक निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं अवसंरचना योजना अंतर्गत जिले के 92 विकास कार्यों के लिए कुल ₹12 करोड़ 63 लाख 57 हजार की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस स्वीकृति से जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी और लंबे समय से आवश्यक सुविधाओं की मांग कर रहे ग्रामवासियों को लाभ मिलेगा।
स्वीकृत विकास कार्यों में सामुदायिक भवन, सीसी सड़क एवं पुलिया निर्माण सहित विभिन्न निर्माण कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी। सीसी सड़कों के निर्माण से आवागमन सुगम होगा, पुलिया निर्माण से संपर्क मार्गों की सुविधा बेहतर बनेगी तथा सामुदायिक भवनों के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए उपयोगी स्थान उपलब्ध होंगे।
ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति
बड़वानी जिला भौगोलिक दृष्टि से विस्तृत और बड़ी संख्या में ग्रामीण आबादी वाला क्षेत्र है। यहां गांवों में सड़क, पुलिया और सामुदायिक सुविधाओं का विकास स्थानीय जनजीवन को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। स्वीकृत 92 कार्य ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में सहायक होंगे। इन कार्यों के धरातल पर पूर्ण होने से ग्रामीण नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।
सांसद श्री गजेन्द्र सिंह पटेल ने कहा कि संसदीय क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। गांवों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, जनसामान्य की समस्याओं का समाधान करने और क्षेत्र की विकास संबंधी मांगों को शासन तक पहुंचाकर उन्हें स्वीकृति दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, इसी भावना के साथ जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार ग्रामीण विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य शासन द्वारा दी गई यह स्वीकृति बड़वानी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सांसद श्री पटेल ने जिले के 92 विकास कार्यों के लिए ₹12 करोड़ 63 लाख 57 हजार की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान किए जाने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्वीकृत कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार होगा और क्षेत्रवासियों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।



