सेंधवा में 5.87 करोड़ की तीन जल संरचनाओं का भूमिपूजन, 652 हेक्टेयर खेतों को मिलेगी सिंचाई सुविधा
विधायक मोंटू सोलंकी और सांसद गजेंद्र सिंह पटेल की मौजूदगी में मालवन तालाब, कालीकुंडी और थिगाली बैराज निर्माण कार्यों की रखी गई आधारशिला

रमन बोरखड़े। सेंधवा। सेंधवा विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और जल संरक्षण के लिए 5 करोड़ 87 लाख 12 हजार रुपए की लागत से तीन जल संरचनाओं का भूमिपूजन किया गया। इन निर्माण कार्यों से कुल 652 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित होगी।
तीनों जल संरचनाओं पर खर्च होंगे 5.87 करोड़ रुपए
26 नवंबर 2026 को जल संसाधन विभाग, मध्यप्रदेश शासन के अंतर्गत तीन जल संरचना निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी और खरगोन-बड़वानी सांसद गजेंद्र सिंह पटेल उपस्थित रहे।
तीनों परियोजनाओं की कुल अनुबंध राशि 5 करोड़ 87 लाख 12 हजार रुपए निर्धारित की गई है। इनके निर्माण से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा।
मालवन, कालीकुंडी और थिगाली में बनेंगी जल संरचनाएं
निर्माण कार्यों में मालवन तालाब योजना, ग्राम मालवन तहसील वरला के लिए 180.81 लाख रुपए की अनुबंध राशि निर्धारित की गई है। इससे 145 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित होगी।

इसी तरह ग्राम कालीकुंडी तहसील वरला में कालीकुंडी बैराज योजना का निर्माण 191.20 लाख रुपए की लागत से किया जाएगा। इससे 215 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
वहीं, ग्राम थिगाली तहसील सेंधवा में थिगाली क्रमांक-2 बैराज योजना का निर्माण 215.11 लाख रुपए की अनुबंध राशि से होगा। इस परियोजना से 292 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित होगी।
सिंचाई और जल संरक्षण के कार्यों को प्राथमिकता : विधायक
इस अवसर पर विधायक मोंटू सोलंकी ने कहा कि सेंधवा विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई एवं जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। इन जल संरचनाओं के निर्माण से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा तथा किसानों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में भी विधानसभा क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप जल संसाधन से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के प्रयास जारी रहेंगे।
जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन रहे उपस्थित
भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला भाजपा महामंत्री विकास आर्य, ग्राम मालवन के सरपंच सुरपाल, पंकज मालवीय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन और संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।



