सेंधवा

बड़वानी की दो सिंचाई परियोजनाओं और रोहिणी तीर्थ घाट के निर्माण को लेकर एनवीडीए उपाध्यक्ष से मिले अंतर सिंह आर्य

पानसेमल और वरला माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का आग्रह, 880.15 लाख की लागत से बनेगा आधुनिक रोहिणी तीर्थ घाट

सेंधवा । बड़वानी जिले के किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने तथा जनजातीय आस्था के प्रमुख केंद्रों के विकास को लेकर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (भारत सरकार) के अध्यक्ष एवं केंद्रीय कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त अंतर सिंह आर्य ने नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (एनवीडीए) के उपाध्यक्ष ई. रमेश कुमार से सौजन्य भेंट की। इस दौरान जिले की दो महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं एवं नर्मदा तट पर स्थित ऐतिहासिक राजघाट के रोहिणी तीर्थ घाट के निर्माण कार्य को शीघ्र धरातल पर उतारने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।

भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि मुलाकात के दौरान आर्य ने बड़वानी जिले के किसानों, जनजातीय परिवारों एवं श्रद्धालुओं के हित से जुड़ी तीन प्रमुख विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित परियोजनाओं की आगामी प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने तथा आवश्यक बजट स्वीकृति उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

दो सिंचाई परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का आग्रह
अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में बड़वानी में आयोजित राज्य की ऐतिहासिक कृषि कैबिनेट की बैठक में क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं—पानसेमल माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना एवं वरला माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।

इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। आर्य ने एनवीडीए उपाध्यक्ष ई. रमेश कुमार से आग्रह किया कि प्राधिकरण की आगामी बैठक में दोनों परियोजनाओं को प्रमुखता से सम्मिलित कर आवश्यक बजट की स्वीकृति प्रदान की जाए तथा टेंडर प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाए।
उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए सुविधा मिलेगी तथा कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। विशेष रूप से जनजातीय बहुल क्षेत्रों के किसानों एवं परिवारों को इन योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त हो सकेगा।

880.15 लाख की लागत से बनेगा आधुनिक रोहिणी तीर्थ घाट
मुलाकात के दौरान नर्मदा तट पर स्थित ऐतिहासिक एवं जनजातीय आस्था के प्रमुख केंद्र राजघाट बड़वानी पर रोहिणी तीर्थ घाट के पुनर्निर्माण का विषय भी प्रमुखता से रखा गया। आर्य ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं धार्मिक गतिविधियों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आधुनिक घाट का निर्माण प्रस्तावित है।

घाट निर्माण के लिए कार्यपालन यंत्री, नर्मदा विकास संभाग क्रमांक 11, बड़वानी द्वारा 880.15 लाख रुपये की अनुमानित लागत का तकनीकी प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव के अंतर्गत 150 मीटर लंबा एवं 52 मीटर चौड़ा भव्य घाट बनाया जाना है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 72 वर्ग मीटर क्षेत्र में चेंजिंग रूम तथा दिव्यांगजनों की सुगम आवाजाही के लिए विशेष रैंप का निर्माण भी प्रस्तावित है।

आर्य ने रोहिणी तीर्थ घाट की धार्मिक एवं जनजातीय महत्ता को देखते हुए इस कार्य को जनहित की महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए आपदा प्रबंधन मद से शीघ्र प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति जारी करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि घाट के आधुनिक स्वरूप में विकसित होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा नर्मदा तट पर धार्मिक गतिविधियों के आयोजन में भी सुविधा होगी।

एनवीडीए उपाध्यक्ष ने सकारात्मक रुख अपनाया
भेंट के दौरान एनवीडीए उपाध्यक्ष ई. रमेश कुमार ने दोनों सिंचाई परियोजनाओं एवं रोहिणी तीर्थ घाट निर्माण के विषय पर सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित करने का आश्वासन दिया।
भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने बताया कि इन तीनों परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन से बड़वानी जिले में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, किसानों के हितों के संरक्षण तथा जनजातीय आस्था से जुड़े धार्मिक स्थल के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!