4 दिसंबर को मालवन में टंट्या मामा की प्रतिमा का होगा अनावरण, शहादत दिवस पर जुटेंगे समाजजन
महाराष्ट्र के नंदुरबार से रैली के रूप में लाई जाएगी प्रतिमा, 3 दिसंबर की शाम पारंपरिक पूजा-पाठ और गायणा का होगा आयोजन

जनोदय पंच। मालवन। जननायक टंट्या मामा भील के शहादत दिवस पर 4 दिसंबर 2026 को ग्राम मालवन में प्रतिमा अनावरण समारोह आयोजित होगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर अंतिम बैठक में पार्किंग, पेयजल, रैली, सभा स्थल और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां तय की गईं।
बैठक में तैयारियों को दिया अंतिम रूप
समारोह की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में क्षेत्रीय विधायक मोंटू सोलंकी, सरपंच, पटेल, जनप्रतिनिधि, समाज के वरिष्ठजन और युवा साथी उपस्थित रहे। बैठक में आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए पार्किंग, पेयजल, रैली के मार्ग और समय, मुख्य सभा तथा वॉलिंटियर्स की जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। सभी को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए।
नंदुरबार से रैली के रूप में पहुंचेगी प्रतिमा
प्रवक्ता विजय सोलंकी ने बताया कि महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले से जननायक टंट्या मामा की प्रतिमा लेकर साथी भव्य रैली के रूप में रवाना होंगे। रैली खेतिया, निवाली, सेंधवा, गवाड़ी, जामन्या, बिजासन और महाराष्ट्र के पलासनेर होते हुए ग्राम मालवन पहुंचेगी। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर समाजजनों द्वारा स्वागत-अभिनंदन की तैयारियां की जा रही हैं।

3 दिसंबर को होगा पारंपरिक पूजा-पाठ और गायणा
आयोजन से एक दिन पहले 3 दिसंबर की शाम आदिवासी समाज की पारंपरिक रीति-रिवाज और विधि-विधान के अनुसार पूजा-पाठ एवं गायणा होगा। इस दौरान पारंपरिक संस्कृति के माध्यम से जननायक टंट्या मामा के संघर्ष, बलिदान और गौरवशाली इतिहास को याद किया जाएगा।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी शामिल होंगे। उनकी उपस्थिति को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
हेलीपैड और सभा स्थल का किया निरीक्षण
बैठक के दौरान हेलीपैड के संभावित स्थान, मुख्य सभा स्थल और प्रतिमा स्थापना स्थल का निरीक्षण किया गया। सुरक्षा, यातायात और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर वरला थाना प्रभारी और वरला तहसीलदार उपस्थित रहे।
बैठक में विधायक मोंटू सोलंकी के साथ भुवानसिंह जाधव, मिलदार कनौजे, भारसिंह पटेल, सुनील गुथरे, प्रवीण आर्य, सुनील आर्य, बबलू आर्य, अमल बर्ड, विजय बर्ड, रेश्ताम गुथरे, कलम अवाया, प्रताप नरगावे, देवा जाधव, मेमराम बड़े, सुनील नरगावे, दीवान गुथरे, अजय मोरे, प्रताप सेंगर, मकराम चौहान, चुखाराम खरते, अमित डुडवे, पवन जाधव, रतन निगवाल, रविन्द्र निगवाल और विक्की पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजजन एवं युवा साथी मौजूद रहे।



