34 वर्ष बाद एक छत के नीचे जुटे बी.टी.आई. बड़वानी के सहपाठी व गुरुजन, जीवंत हुईं सुनहरी यादें

बड़वानी। बुनियादी शिक्षक प्रशिक्षण संस्था (बी.टी.आई.), बड़वानी के सत्र 1991-92 एवं 1992-93 के पूर्व सहपाठियों और गुरुजनों का ‘बी.टी.आई. गोल्डन परिवार’ (खरगोन-बड़वानी) का ‘मधुर मिलन समारोह – 2026’ बड़वानी के एक निजी परिसर में आत्मीय एवं भावुक वातावरण में आयोजित हुआ। पूरे 34 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आयोजित इस मिलन ने पुरानी दोस्ती, अपनत्व और गुरु-शिष्य परंपरा को एक बार फिर सजीव कर दिया।
समारोह की गरिमामयी शुरुआत और श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं पूर्व गुरु श्री दिलीप पाटील के शाल, श्रीफल व पुष्पहारों से आत्मीय स्वागत के साथ हुई। अध्यक्षता सहपाठी एवं सांदीपनि हायर सेकंडरी स्कूल सिलावद के प्राचार्य श्री कैलाश भालसे ने की। मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के उपरांत शिक्षिका सुनीता अवस्थी ने मधुर सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
इस दौरान बीते 34 वर्षों में दिवंगत हुए गुरुजनों व सहपाठियों की पावन स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शिक्षक श्रीराम सोनवने के भावपूर्ण गीत ने सभी को अतीत की यादों से जोड़ दिया।
सम्मान, उपलब्धियां और सांस्कृतिक रंग
मंच से सभी साथियों ने अपने वर्तमान पदनाम, सेवारत संस्था और पारिवारिक खुशियों का परिचय साझा किया। अधिकांश साथियों की संतानों के विभिन्न क्षेत्रों में उच्च पदों पर कार्यरत होने तथा सहपाठियों के दादा-दादी व नाना-नानी बनने की सुखद अनुभूति ने सभी को गौरवान्वित किया।
मुख्य अतिथि गुरु श्री दिलीप पाटील के कर-कमलों से सभी सहपाठियों को ‘बी.टी.आई. गोल्डन परिवार’ अंकित केसरिया अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके आशीर्वचनों ने सभी में नई ऊर्जा का संचार किया। इसके पश्चात कविता, शेरो-शायरी, हास्य-व्यंग्य, अभिनय और नृत्य की प्रस्तुतियों ने प्रशिक्षण काल की यादों को ताज़ा कर दिया।
‘बीटीआई गोल्डन फैमिली फंड’ की पहल व गुरुजनों का सम्मान
आत्मीय संबंधों को ठोस सहयोग का रूप देते हुए प्राचार्य श्री कैलाश भालसे ने ₹5,101 की राशि प्रदान कर ‘बीटीआई गोल्डन फैमिली फंड’ की शुरुआत की। सभी साथियों ने स्वेच्छा से इस कोष को सशक्त बनाने का संकल्प लिया, ताकि संकट के समय किसी साथी या उसके परिवार को संबल मिल सके।
इसके अतिरिक्त अस्वस्थता के कारण समारोह में शामिल न हो सके गुरुजनों—श्री डीके यागिक, श्री नगेंद्र शर्मा एवं सुश्री रुकया फखरी—के निवास पर पहुंचकर शिष्य बीके तारे, अर्जुन भार्गव, अमृत पाटीदार, सुरेंद्र राठौर व अन्य साथियों ने शाल, श्रीफल व पुष्पहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
संचालन, आभार और आगामी संकल्प
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक व समाजसेवी श्री रामप्रसाद यादव ने किया तथा अंत में वरिष्ठ शिक्षक श्री अमृत पटेल ने आभार माना। सभी ने इस आत्मीय जुड़ाव को बनाए रखने और नियमित रूप से मिलते रहने का संकल्प लिया।



