इंदौर में पारिवारिक कलह ने लिया खौफनाक मोड़, पत्नी की हत्या
लसूड़िया थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान वारदात, घायल बेटी अस्पताल में भर्ती।

इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान पत्नी की गला रेतकर हत्या और नाबालिग बेटी पर जानलेवा हमले की घटना सामने आई है। घटना के बाद आरोपी ने थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण किया, जबकि घायल बेटी का अस्पताल में उपचार जारी है।
इंदौर शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक गंभीर वारदात सामने आई। संजय चौहान, निवासी स्कीम नंबर 78, ने अपनी 34 वर्षीय पत्नी सुमन पर जानलेवा हमला किया। पहले मारपीट की गई और फिर धारदार हथियार से गला रेत दिया गया, जिससे सुमन की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा है।
बेटी पर भी किया हमला
घटना के दौरान अपनी मां को बचाने आई 14 वर्षीय बेटी पर भी संजय चौहान ने चाकू से हमला किया। हमले में बेटी के गले और हाथ पर चोटें आईं। वह किसी तरह मौके से भागने में सफल रही। सूचना मिलने पर लसूड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बेटी को बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद संजय चौहान स्वयं लसूड़िया थाने पहुंचा और पुलिस के सामने जुर्म कबूल किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।



