बड़वानी पुलिस एवं कोठारी इंस्टीट्यूट ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में “संविधान को जानो, भारत को पहचानो” ऑनलाइन प्रतियोगिता का आयोजन

रमन बोरखड़े। बड़वानी। युवाओं को भारत के संविधान, सभ्यता-संस्कृति, राष्ट्रीय मूल्यों, अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बड़वानी पुलिस एवं कोठारी इंस्टीट्यूट ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में “भारत ज्ञान यात्रा अभियान” के अंतर्गत ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी श्रृंखला प्रारंभ की जा रही है।
इस अभियान के प्रथम चरण में “संविधान को जानो, भारत को पहचानो” विषय पर ऑनलाइन प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को भारतीय संविधान की मूल भावना, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा देश की गौरवशाली सभ्यता-संस्कृति से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता युवाओं को अपने ज्ञान को परखने, नई जानकारी प्राप्त करने तथा अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगी।

भारत ज्ञान यात्रा अभियान के अंतर्गत समय-समय पर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी आयोजित की जाएगी, ताकि युवाओं को देश के इतिहास, संस्कृति, संविधान, मूल्यों एवं समसामयिक विषयों से निरंतर जोड़ा जा सके और उनमें जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित हो।
परिणाम एवं पुरस्कार वितरण :
प्रतियोगिता का परिणाम एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित किया जाएगा।
युवाओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस ऑनलाइन प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने ज्ञान का परीक्षण करें तथा भारत के संविधान एवं गौरवशाली संस्कृति को समझने की दिशा में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
पंजीयन लिंक : https://forms.gle/DXE8wdEuaFhNQkiCA
बड़वानी पुलिस का संदेश – जागरूक युवा ही सशक्त राष्ट्र की नींव हैं। आइए, संविधान को जानें, भारत को पहचानें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को समझें।



