सेंधवा ; अंतरिक्ष की दुनिया से रूबरू होंगे विद्यार्थी, लायंस सेंधवा की शानदार पहल

सेंधवा ; विज्ञान, जिज्ञासा और कल्पना के आकाश को नई उड़ान देने वाली एक अनूठी पहल के तहत लायंस कान्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, सेंधवा में 20 एवं 21 अगस्त 2026 को भव्य ‘विक्रम साराभाई स्पेस एग्जीबिशन’ का आयोजन किया जा रहा है। स्पेस एप्लीकेशंस सेंटर, इसरो, अहमदाबाद के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय प्रदर्शनी विद्यार्थियों के लिए अंतरिक्ष विज्ञान की रोमांचक दुनिया को करीब से समझने का सुनहरा अवसर लेकर आ रही है।
सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी में विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों की जिज्ञासा को पंख देने वाली अनेक गतिविधियाँ आकर्षण का केंद्र रहेंगी। खास बात यह है कि विद्यार्थियों को इसरो के वैज्ञानिकों से संवाद एवं प्रत्यक्ष बातचीत का अवसर मिलेगा, जिससे वे अंतरिक्ष विज्ञान, उपग्रह तकनीक और भारत के अंतरिक्ष अभियानों से जुड़े विषयों को विशेषज्ञों के माध्यम से समझ सकेंगे। प्रदर्शनी में अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की विशेष प्रदर्शनी, ‘स्पेस ऑन व्हील्स’, तथा रॉकेट लॉन्चिंग का जीवंत प्रदर्शन प्रमुख आकर्षण होंगे। रॉकेट की उड़ान से लेकर अंतरिक्ष में उपग्रहों की भूमिका तक, विज्ञान के जटिल विषयों को सहज, रोचक और अनुभवात्मक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

यह आयोजन केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि नई पीढ़ी में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान की भावना और अंतरिक्ष के प्रति जिज्ञासा जगाने का अभिनव प्रयास है। महान भारतीय अंतरिक्ष वैज्ञानिक डॉ. विक्रम साराभाई के वैज्ञानिक स्वप्न और भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की गौरवशाली यात्रा को समर्पित यह आयोजन विद्यार्थियों को यह संदेश देगा कि आकाश सीमा नहीं, बल्कि संभावनाओं की शुरुआत है।

प्रदर्शनी को लेकर विद्यार्थियों एवं आसपास के क्षेत्र में खासा उत्साह है। विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा विज्ञान प्रेमियों के लिए यह प्रदर्शनी निश्चित रूप से ज्ञान, रोमांच और प्रेरणा का अद्भुत संगम सिद्ध होगी।



