खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा
सेंधवा: धनोरा में कस्तूरबा कन्या आश्रम निर्माण को एनटीपीसी से 91.83 लाख की वित्तीय स्वीकृति

जनोदय पंच, सेंधवा। अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष आर्य द्वारा सेंधवा तहसील के अंतर्गत ग्राम धनोरा में कस्तूरबा कन्या आश्रम के 30 सीटर सर्वसुविधायुक्त आश्रम निर्माण हेतु भारत सरकार के उपक्रम एनटीपीसी लिमिटेड को सहायता राशि के लिए पत्र लिखा गया था। इस पत्र के संदर्भ में एनटीपीसी लिमिटेड ने वित्तीय स्वीकृति प्रदान करते हुए आश्रम से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। जानकारी के अनुसार, यह पहल अनुसूचित जनजाति की बालिकाओं को बेहतर शिक्षा और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है, ताकि उनके सामाजिक और शैक्षणिक विकास को मजबूती मिल सके।
एनटीपीसी लिमिटेड ने आर्य के पत्र पर विचार करते हुए 30 सीटर बुनियादी ढांचे वाले सर्वसुविधायुक्त आश्रम के निर्माण के लिए 91.83 लाख रुपए की वित्तीय स्वीकृति दी है। इसमें विद्युत आंतरिक कार्य, सीसीटीवी, यूपीएस सिस्टम, जल तापण और वाटर कूलर जैसे कार्य शामिल हैं। यह सहायता राशि एनटीपीसी की सीएसआई योजना के तहत कस्तूरबा गांधी राष्ट्रीय स्मारक ट्रस्ट, इंदौर के माध्यम से प्रदान की जाएगी। एनटीपीसी लिमिटेड ने आवश्यक भूमि दस्तावेज, निर्माण परमिट, रेखाचित्र और अनुमानित लागत भेजने का अनुरोध किया है। इस संबंध में राष्ट्रीय आयोग ने कस्तूरबा कन्या आश्रम, निवाली जाकर आश्रम की संचालिका को जानकारी दी और धनोरा आश्रम के सभी कागजात तैयार कर एनटीपीसी लिमिटेड को भेजने के निर्देश दिए। आर्य ने निवाली में बन रहे आश्रम का निरीक्षण भी किया।



