सेंधवा में गणतंत्र दिवस पर प्रभातफेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम, किला प्राचिर पर विधायक मोंटू सोलंकी ने फहराया तिरंगा
शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक गणतंत्र दिवस उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया
रमन बोरखड़े। सेंधवा। शहर में गणतंत्र दिवस शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह के साथ मनाया गया। विधायक मोंटू सोलंकी ने किले पर ध्वजारोहण किया। नगर पालिका, मंडी शेड और वरला क्षेत्र में प्रभातफेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और झंडावंदन हुए।
सेंधवा शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गणतंत्र दिवस की सुबह कोहरे और शीत लहर के साथ शुरू हुई। शहर के प्राचीन किले की प्राचीर पर विधायक मोंटू सोलंकी ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर एसडीएम आशीष, तहसीलदार राहुल सोलंकी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

नगर पालिका और मंडी शेड में आयोजन
नगर पालिका कार्यालय में नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने तिरंगा फहराया। इस दौरान उपाध्यक्ष मोहन जोशी, सीएमओ मधु चौधरी, पार्षद और कर्मचारी मौजूद रहे। मंडी शेड के मुख्य समारोह स्थल पर जनपद अध्यक्ष लता सीताराम पटेल ने ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान
मंडी शेड में आयोजित मुख्य समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

जनसंपर्क कार्यालय पर ध्वजारोहण-
सेंधवा में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भाजपा जनसंपर्क कार्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। किला परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव, नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन जोशी, जनपद पंचायत अध्यक्ष लता सीताराम पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष एस. वीरा स्वामी, मंडल अध्यक्ष, भाजपा नेता विकास आर्य, राहुल पवार सहित भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कांग्रेस भवन में आयोजन-
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर विधायक मोंटू सोलंकी कांग्रेस भवन में आयोजित झंडावंदन कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद सिनेमा चौक स्थित पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा और बस सटैंड स्थित संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इसके पश्चात विधायक कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता दिलीप अग्रवाल (काका) द्वारा ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।




