सेंधवा में शनिवार को स्वच्छता और राष्ट्रभक्ति का संदेश देंगे छात्र
हम साइकिल वाले ग्रुप और रॉयल आर्मी पब्लिक स्कूल का संयुक्त आयोजन, नगर पालिका का सहयोग

जनोदय पंच। सेंधवा। सेंधवा में स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य और राष्ट्रभक्ति का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में स्कूली छात्र जागरूकता ड्रिल और देशभक्ति प्रस्तुतियों के माध्यम से नागरिकों को प्रेरित करेंगे।
स्वच्छ सेंधवा स्वस्थ सेंधवा° सशक्त भारत के संकल्प के साथ हम साइकिल वाले ग्रुप द्वारा रॉयल आर्मी पब्लिक स्कूल के छात्रों को लेकर स्वच्छता, स्वास्थ्य और राष्ट्रभक्ति का संदेश देने हेतु जागरूकता ड्रिल निकाली जाएगी। यह आयोजन स्वच्छ भारत मिशन के तहत हम साइकिल वाले ग्रुप एवं रॉयल आर्मी पब्लिक स्कूल द्वारा सेंधवा नगर पालिका के सहयोग से किया जा रहा है।
नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी रैली
रैली सुबह 10 बजे जोगवाड़ा रोड स्थित बस स्टॉप से प्रारंभ होकर मुखर्जी चौराहा, श्याम बाजार, राम मंदिर मार्ग और अंबेडकर चौराहा होते हुए झंडा चौक पहुंचेगी। झंडा चौक पर बच्चों द्वारा सेना की तर्ज पर राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नृत्य प्रस्तुति दी जाएगी।
राष्ट्रगान के साथ समापन, फिल्म शो का आयोजन
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा स्वच्छता एवं राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया जाएगा। बच्चों की प्रस्तुति के पश्चात राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों को राष्ट्रभक्ति की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से बॉर्डर 2 मूवी का शो भी दिखाया जाएगा। इस आयोजन में वीर भगत सिंह अकैडमी सहयोगी संस्था के रूप में सहभागी रहेगी।



