पानसेमल: रामपुर–वासल्यापानी सड़क निर्माण से बदलेगी तस्वीर, विधायक बरडे ने किया भूमि पूजन
रामपुर से वासल्यापानी तक लगभग दो किलोमीटर लंबी डामर सड़क से क्षेत्रीय आवागमन को मिलेगी मजबूती।

रमन बोरखड़े। पानसेमल। पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बंधारा बुजुर्ग में शनिवार को रामपुर से वासल्यापानी तक 2.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली डामर सड़क का भूमि पूजन विधायक श्याम बरडे द्वारा किया गया। इस सड़क से ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के जलगांव मंडल अंतर्गत ग्राम पंचायत बंधारा बुजुर्ग में रामपुर से वासल्यापानी तक लगभग दो किलोमीटर लंबी नवीन डामर सड़क निर्माण की सौगात दी गई। इस अवसर पर विधायक श्री बरडे ने कहा कि 2 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क निर्माण से क्षेत्रवासियों को लाभ मिलेगा। क्षेत्र के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण को लंबे समय से चली आ रही मांग की पूर्ति बताया। भूमि पूजन कार्यक्रम मंत्रोच्चार के साथ पारंपरिक विधि से किया गया।

भव्य स्वागत और भूमि पूजन समारोह
भूमि पूजन अवसर पर ग्रामवासियों द्वारा विधायक श्याम बरडे का आत्मीय और भव्य स्वागत किया गया। ढोल-मांदल की थाप पर रैली के रूप में विधायक और जनप्रतिनिधि भूमि पूजन स्थल तक पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया और सड़क निर्माण प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए विधायक का उद्बोधन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्याम बरडे ने कहा कि वे इस गांव में विधायक के रूप में नहीं, बल्कि अपने ग्रह ग्राम के बेटे और भाई के रूप में आए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में कच्चे और गड्ढों से भरे रास्तों के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। खाद और कृषि सामग्री सिर पर ढोनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को मजबूत और पक्की सड़क देने का संकल्प आज साकार हुआ है।

विकास कार्यों की श्रृंखला का उल्लेख
विधायक श्याम बरडे ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में पानसेमल विधानसभा के गांव-गांव तक बिजली, पानी, सड़क और पुल-पुलिया जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि 24 घंटे बिजली, समय पर सिंचाई सुविधा और जनकल्याणकारी योजनाओं के चलते कृषि क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
उपस्थित जनप्रतिनिधि और अधिकारी
कार्यक्रम में गोविंद जोशी, चौन सिंह गदरे, चंद्रकांत महाजन, मन्ना शुक्ला, उत्तम चौहान, योगेश जैन, जनपद सदस्य निहाली बाई, सरपंच गण भावसार, कालू सिंह बरडे, आवासे, शामराव बसावे, अजय आर्य, सावन किराडे, राकेश दावरे सहित वासल्यापानी और बंधारा बुजुर्ग के ग्रामीण उपस्थित रहे। पीडब्ल्यूडी एसडीओ अमर सिंह नरवे, ग्राम पंचायत सचिव पंडित नाथ पाटिल और ठेकेदार नंदीश त्रिपाठी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। संचालन प्रकाश जोशी ने किया।



