बड़वानी के पाटी में कलेक्टर ने ली बैठक, कहा- निर्माण कार्यों के निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा में करें पूर्ण

जनोदय पंच। बड़वानी। कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने बुधवार को आकांक्षी विकासखण्ड पाटी के अंतर्गत ग्राम बूदी स्थित आजीविका भवन में निर्माण कार्य की बैठक ली। बैठक में विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन, पंचायत कार्यों की प्रगति और विकास लक्ष्यों की पूर्ति पर विस्तृत चर्चा की गई।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि शेष बचे हुए सभी निर्माण कार्यों को बारिश शुरू होने से पहले अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाये। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता से समझौता न करने और समय-सीमा का कढ़ाई से पालन करने के निर्देश दिये। निर्माण कार्यों में गति लाने के लिए उन्होंने सचिवों, रोजगार सहायकों और सब-इंजीनियरों को निर्देशित किया कि निर्माण सामग्री और आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था पहले से ही सुनिश्चित कर ली जाये, ताकि लक्ष्य प्राप्ति में कोई बाधा न आये। उन्होंने मैदानी अमले को पूरी एकाग्रता और नियमितता के साथ कार्य करने की हिदायत भी दी ताकि आकांक्षी विकासखंड के निर्धारित मानकों को समय पर हासिल किया जा सके।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने क्रियाशील पंचायत अभियान के तहत अब तक हुए कार्यों की सराहना की। साथ ही उन्होंने इस अभियान के बचे हुए कार्यों को भी शीघ्रता से पूरा करने को कहा। इस दौरान जनपद पंचायत पानसेमल सीईओ एवं तहसीलदार पाटी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे ।



