मध्यप्रदेशभोपालमुख्य खबरे

भोपाल: 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 1836 करोड़ रुपये अंतरित करेंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

ग्वालियर के घाटीगांव में आयोजित सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे राशि का अंतरण, विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी होगा

जनोदय पंच। भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को ग्वालियर जिले के घाटीगांव में आयोजित सम्मेलन में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 34वीं किश्त के रूप में प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित करेंगे।


लाड़ली बहना योजना की 34वीं किश्त का अंतरण

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को ग्वालियर जिले के शबरी माता मंदिर घाटीगांव में आयोजित सम्मेलन में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक बहनों के बैंक खातों में 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित करेंगे। यह राशि योजना की 34वीं किश्त के रूप में प्रदान की जा रही है।

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में योजना के अंतर्गत नवंबर माह से मासिक सहायता में 250 रुपये की वृद्धि की गई है, जिससे अब पात्र हितग्राही बहनों को प्रतिमाह 1500 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है।

योजना से महिलाओं को मिला आर्थिक आत्मविश्वास

प्रदेश में जून 2023 से प्रारंभ हुई यह योजना महिलाओं के जीवन में आर्थिक आत्मविश्वास और सामाजिक सम्मान का नया आधार बनी है। जून 2023 से फरवरी 2026 तक योजना के तहत 33 किश्तों का नियमित अंतरण किया जा चुका है। इस अवधि में 54,140 करोड़ रुपये की राशि बहनों के खातों में सीधे अंतरित की गई है।

कौशल उन्नयन और रोजगार से भी जोड़ा जाएगा

प्रदेश सरकार अब योजना से जुड़ी महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि उन्हें कौशल उन्नयन, रोजगार और स्व-रोजगार के अवसरों से भी जोड़ा जाएगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार और समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लाड़ली बहना सम्मेलन में ग्वालियर जिले के अंतर्गत लगभग 122 करोड़ रुपये लागत के 54 कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण करेंगे। इनमें लगभग 62 करोड़ रुपये के 19 कार्यों का लोकार्पण और लगभग 60 करोड़ रुपये लागत के 35 कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है।

स्कूल भवन और पुल का लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिन कार्यों का लोकार्पण करेंगे, उनमें लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से सांदिपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुलैथ का भवन और 9.11 करोड़ रुपये की लागत से डाडा खिरक तिघरा मार्ग पर सांक नदी पर नव निर्मित उच्च स्तरीय पुल शामिल हैं। इसके अलावा उप स्वास्थ्य केंद्र बन्हेरी तथा ग्वालियर शहर और ग्रामीण क्षेत्र में नव निर्मित सड़कों का लोकार्पण भी किया जाएगा।

विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जिन कार्यों का भूमि-पूजन किया जाएगा, उनमें आईएसबीटी के समीप 6.17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 100 सीटर श्रमिक विश्रामगृह तथा 12.16 करोड़ रुपये की लागत से अंबेडकर धाम के द्वितीय चरण में बाबा साहब के जीवन पर आधारित संग्रहालय का निर्माण प्रमुख है। इसके अलावा शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में विभिन्न सड़कों, आयुर्वेदिक महाविद्यालय में एनाटॉमी विभाग के लिए बनने वाले हॉल, छात्रावास तथा भितरवार में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नवीन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी शामिल है।


 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!