बड़वानी; सहायक संचालक सुश्री नूपुर पाटीदार ने पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल का किया औचक निरीक्षण
शैक्षणिक व्यवस्थाओं की सराहना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया विशेष जोर

बड़वानी; शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता की समीक्षा के उद्देश्य से सहायक संचालक (शिक्षा) सुश्री नूपुर पाटीदार द्वारा आज पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान सुश्री पाटीदार ने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, आगामी परीक्षाओं की तैयारियों, कक्षाओं के संचालन तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति का सूक्ष्म अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय की प्रयोगशाला (लैब), पुस्तकालय तथा स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। साथ ही शिक्षकों से संवाद कर उनकी शिक्षण पद्धति, विद्यार्थियों की प्रगति तथा शैक्षणिक परिणामों पर विस्तृत चर्चा की।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती शीला चौहान, सहायक संचालक शिक्षा श्री जे.एस. परमार तथा एडीपीसी श्री मनोज भावसार भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में किए गए पौधारोपण, स्वच्छता व्यवस्था और अनुशासन की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा की।
निरीक्षण के दौरान सुश्री पाटीदार ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम श्री विद्यालयों का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को आधुनिक, नवाचारपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाए तथा कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उन पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे उनका शैक्षणिक स्तर बेहतर हो सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विद्यालय में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और विद्यार्थियों को उनके लाभ से पूर्णतः जोड़ा जाए, ताकि वे शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और अनुशासन के साथ अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें।



