सेंधवा: ओंकारेश्वर में अखिल भारतीय अग्रवाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन सम्पन्न, सेंधवा प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी
अग्रवाल सोशल ग्रुप बड़वाह और इंदौर के तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन में देशभर से युवाओं ने जीवनसाथी चयन के लिए मंच से दिया परिचय

सेंधवा, जनोदय पंच। ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग की नगरी में अग्रवाल सोशल ग्रुप बड़वाह और इंदौर के तत्वावधान में अखिल भारतीय अग्रवाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन का भव्य आयोजन रविवार को सम्पन्न हुआ। इस सम्मेलन में देश के विभिन्न शहरों से आए अग्रवाल समाज के युवाओं ने भाग लेकर अपने जीवनसाथी की तलाश के लिए मंच से परिचय प्रस्तुत किया।
सम्मेलन में 500 से अधिक युवक-युवतियों ने अपनी प्रविष्टियां दीं। अग्रवाल समाज सेंधवा के सुनील अग्रवाल ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य अग्रवाल समाज के युवक-युवतियों को एक मंच पर लाकर उन्हें उचित जीवनसाथी चयन का अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम में कई युवक-युवतियों ने मंच से अपना परिचय देते हुए अपने विचार, शिक्षा, व्यवसाय तथा जीवनसाथी को लेकर अपनी अपेक्षाएं साझा कीं। हालांकि इस सम्मेलन में युवकों की तुलना में युवतियों की संख्या काफी कम रही, जो समाज के लिए चिंतन का विषय भी बनी। वहीं कई प्रत्याशी स्वयं उपस्थित नहीं हो सके, जिनकी ओर से उनके अभिभावक सम्मेलन में शामिल होकर अपने बच्चों के लिए उपयुक्त रिश्ते तलाशते नजर आए।

सेंधवा प्रतिनिधिमंडल की सहभागिता
सम्मेलन के दौरान सेंधवा अग्रवाल समाज के प्रतिनिधिमंडल ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। प्रतिनिधिमंडल में समाज अध्यक्ष श्यामसुंदर तायल, कैलाश एरन, गिरधारी गोयल, सुनील अग्रवाल शामिल रहे। कार्यक्रम के आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों का अग्रसेन महाराज का गमछा पहनाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। इस अवसर पर समाज अध्यक्ष श्यामसुंदर तायल ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे परिचय सम्मेलन समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं और युवाओं को अपनी परंपरा व संस्कारों के साथ जीवनसाथी चुनने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। कैलाश एरन ने कहा कि वर्तमान समय में परिचय सम्मेलन युवाओं और अभिभावकों के लिए एक उपयोगी मंच बनते जा रहे हैं। इससे समाज के बीच आपसी संपर्क बढ़ता है और योग्य युवक-युवतियों के लिए उपयुक्त जीवनसाथी तलाशने में सुविधा होती है। उन्होंने आयोजकों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी। सम्मेलन के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए समाज में ऐसे आयोजन निरंतर आयोजित करने की बात कही।



