सेंधवामुख्य खबरे

सेंधवा ग्रामीण पुलिस को सफलता, एक साल से फरार वारंटी गिरफ्तार, झोपाली बाजार से आरोपी की घेराबंदी कर गिरफ्तारी

धारा 354, 454 और 506 के प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया

सेंधवा ग्रामीण पुलिस ने “ऑपरेशन हवालात” के तहत एक वर्ष से फरार स्थायी वारंटी को झोपाली बाजार से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज था। पुलिस की योजनाबद्ध कार्रवाई से यह सफलता हासिल हुई।


सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र में फरार स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन हवालात” के तहत पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने करीब एक वर्ष से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अभियान के तहत थाना सेंधवा ग्रामीण पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सेंधवा ग्रामीण में दर्ज एक प्रकरण में आरोपी आतरिया उर्फ आतिराम पिता मोहनसिंह मानकर (30 वर्ष), निवासी ग्राम झोपाली, धारा 354, 454 और 506 भारतीय दंड संहिता के तहत वांछित था। न्यायालय में पेश नहीं होने के कारण जेएमएफसी न्यायालय सेंधवा द्वारा उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था। आरोपी पिछले एक वर्ष से पुलिस गिरफ्त से बाहर था।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर के माध्यम से आरोपी के झोपाली बाजार क्षेत्र में होने की सटीक सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक ओ.पी. सिंह चौगड़े के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से क्षेत्र की घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक ओ.पी. सिंह चौगड़े, प्र.आर. अभिषेक यादव, आरक्षक अमित डोडवा, राकेश खन्ना और लालसिंह नार्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।


 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!