सेंधवामुख्य खबरे

सेंधवा में वीर खाज्या नायक का शहादत दिवस, भंवरगढ़ किले में उमड़ा जनसैलाब, आदिवासी समाज ने खाज्या नायक को किया नमन, एकता का दिया संदेश , विधायक बर्डे ने जताया गर्व 

गजानंद ब्राह्मणे, राजेश कनौजे और विधायक श्याम बर्डे ने समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया

जनोदय पंच, सेंधवा सेंधवा के भंवरगढ़ किले में वीर खाज्या नायक का शहादत दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। वक्ताओं ने समाज की एकता और परंपराओं पर जोर दिया तथा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया।

सेंधवा से करीब 15 किमी दूर मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे स्थित भंवरगढ़ किले में शनिवार को आदिवासी क्रांतिकारी योद्धा वीर खाज्या नायक का शहादत दिवस मनाया गया। सर्व आदिवासी समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में आदिवासी समाज के बुद्धिजीवी वक्ताओं ने सभा को संबोधित करते हुए आजादी की लड़ाई में आदिवासी क्रांतिकारी योद्धाओं के योगदान को सामने रखा। उन्होंने समाज को अपने इतिहास और बलिदान को याद रखने का संदेश दिया।

विधायक ने जताया गर्व

क्षेत्रीय विधायक श्याम बर्डे ने कहा कि आदिवासी समाज को खाज्या नायक, बिरसा मुंडा और टंट्या मामा जैसे योद्धाओं पर गर्व है। उन्होंने खाज्या नायक को श्रद्धांजलि अर्पित की।आदिवासी एकता परिषद के प्रदेश अध्यक्ष गजानंद ब्राह्मणे ने समाज को एकजुट रहने की आवश्यकता बताई। सामाजिक कार्यकर्ता राजेश कनौजे ने कहा कि खाज्या नायक का बलिदान समाज के लिए प्रेरणा है और उनका उद्देश्य जल-जंगल की सुरक्षा तथा समाज का उत्थान था।

सांस्कृतिक आयोजन और ज्ञापन सौंपा

कार्यक्रम के दौरान आदिवासी वाद्य यंत्रों पर लोग नृत्य करते नजर आए। इसके बाद अनुसूचित क्षेत्रों में ग्राम सरकार और जिला सरकार के गठन की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन बिजासन चौकी प्रभारी रोहित पाटीदार को सौंपा गया। इस अवसर पर गेंदराम दादा सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!