सेंधवा में सर्व महाराष्ट्रीयन समाज का भव्य महा-कीर्तन, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

रमन बोरखड़े। सेंधवा। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर सर्व महाराष्ट्रीयन समाज द्वारा शनिवार रात में नगर में भव्य महा-कीर्तन का आयोजन किया गया। जिसमें दोंडाईचा (महाराष्ट्र) से पधारे श्री रविकिरण जी महाराज ने अपनी 15 सदस्यीय भजन मंडली एवं साथियों के साथ भावपूर्ण कीर्तन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में लगभग तीन से चार हजार श्रद्धालु उपस्थित रहे और देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे।
संस्कृति और धर्म का पालन करने पर जोर
महाराज श्री ने अपने प्रवचनों में समाज को एकजुटता का संदेश देते हुए पारिवारिक क्लेश को दूर रखने, सभी परिवारजनों को साथ मिलकर रहने तथा अपनी संस्कृति और धर्म का पालन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को अपनी भाषा और संस्कारों का ज्ञान देना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही आधुनिक फैशन के दौर में मर्यादाओं को बनाए रखने की सीख भी उन्होंने हास्य और भक्ति के माध्यम से दी। उन्होंने यह भी बताया कि जो व्यक्ति भक्ति के मार्ग पर चलता है, भगवान उसकी सदैव सहायता करते हैं।

महाराज का शाल-श्रीफल से सम्मान
कार्यक्रम को लेकर समाज में विशेष उत्साह देखा गया। सर्व महाराष्ट्रीयन समाज के अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी समिति के अनुसार महाराज जी के स्वागत हेतु नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती बसंती बाई, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अरुण चौधरी, विकास आर्य, नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन जोशी, पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष विकास आर्य सहित नगर के कई गणमान्य पार्षद उपस्थित रहे। सभी ने महाराज श्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया। अतिथियों ने कीर्तनकार रविकिशन महाराज का शाल-श्रीफल एवं पुष्पमाला से सम्मान किया।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए
मीडिया प्रभारी मनोज मराठे ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कीर्तन स्थल पर ही आगंतुकों के लिए भोजन व्यवस्था सुचारु रूप से की गई, जिसका संयोजन दिपक महाजन के निर्देशन में किया गया। उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा। कार्यक्रम का संचालन व अतिथि परिचय एडव्होकेड नारायण जाधव ने किया। महाराष्ट्र समाज अध्यक्ष एल्डरमेन अनिल वाघ, पार्षद छोटू चौधरी का विशेष मार्गदर्शन रहा।




