सेंधवा के पाड़छा में 1 करोड़ की नल-जल योजना का विधायक मोंटू सोलंकी ने किया भूमिपूजनए हर फलिया तक पानी पहुंचाने की पहल
सेंधवा विधानसभा के पाड़छा पंचायत में भूमिपूजन, गुहाड़ा से ओहरिया फलिया तक मिलेगा स्वच्छ पेयजल

जनोदय पंच | सेंधवा; सेंधवा क्षेत्र के पाड़छा पंचायत में 1 करोड़ की नल-जल योजना का भूमिपूजन हुआ। योजना के तहत सभी फलियों तक पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। बोरिंग के माध्यम से जल वितरण किया जाएगा, जिससे शीघ्र लाभ मिलने की उम्मीद जताई गई।
सेंधवा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पाड़छा में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में नल-जल योजना के अंतर्गत विधिवत भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक मोंटू सोलंकी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मोंटू सोलंकी ने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पाड़छा पंचायत के किसी भी फलिया को इस योजना से वंचित नहीं रखा जाएगा और हर घर तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा।

सभी फलियों को मिलेगा लाभ
इस योजना के तहत गुहाड़ा फलिया, कवठिया फलिया, सस्तीया फलिया एवं ओहरिया फलिया सहित अन्य छूटे हुए फलियों में भी पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह योजना विशेष रूप से उन क्षेत्रों के लिए बनाई गई है, जहां अब तक पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं थी।
बोरिंग आधारित जल वितरण प्रणाली
योजना की विशेषता यह है कि इसमें पारंपरिक पानी की टंकी निर्माण के बजाय सीधे बोरिंग के माध्यम से जल वितरण किया जाएगा। इससे समय की बचत होगी और ग्रामीणों को शीघ्र लाभ मिल सकेगा। इस कार्य पर लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

गुणवत्ता और समय-सीमा पर निर्देश
भूमिपूजन के दौरान विधायक मोंटू सोलंकी ने संबंधित ठेकेदार को निर्देश दिए कि कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी फलियों तक समान रूप से पानी पहुंचाना प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।
सरपंच प्रतिनिधि प्रताप सेंगर ने कहा कि यह योजना ग्राम पंचायत पाड़छा के लिए महत्वपूर्ण है और इससे पेयजल समस्या का समाधान होगा। उन्होंने बताया कि नल-जल योजना में छूटे हुए फलियों को जोड़ने के लिए पूर्व में मांग की गई थी, जिसके परिणामस्वरूप अब इन क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है।

ग्रामीणों को मिलेगी राहत
उन्होंने कहा कि इस योजना से ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आएगा और महिलाओं व बच्चों को पानी की समस्या से राहत मिलेगी। स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में कमी आएगी और गांव का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि प्रताप सेंगर, पटेल, बूटा पटेल, गर्दन पटेल, पांडु सेंगर, उप सरपंच, करमसिंग डावर, आशाराम राणा, रेवला, कुरबान, सुरलिया, रेमा एवं रामदास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




