मुख्य खबरेखरगोन-बड़वानी

बड़वानी में जयस का एसपी कार्यालय घेराव, झूठी FIR निरस्त करने की मांग, प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

नागलवाड़ी थाने में दर्ज प्रकरण को निराधार बताते हुए कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर सौंपा ज्ञापन

जनोदय पंच। बड़वानी में जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन ने शनिवार को रैली निकालकर एसपी कार्यालय का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने नागलवाड़ी थाने में दर्ज FIR को झूठा बताते हुए निरस्त करने की मांग की। मामले को लेकर प्रदेशभर में आंदोलन की चेतावनी भी दी गई।


रैली और घेराव कर जताया विरोध

बड़वानी में जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) संगठन के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जॉगर्स पार्क से एसपी कार्यालय तक रैली निकाली और वहां घेराव कर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने थाना नागलवाड़ी में दर्ज अपराध क्रमांक 0060/2026 को झूठा बताते हुए इसे तत्काल खारिज करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान जिला प्रभारी मुन्ना मोरे और मीडिया प्रभारी विनोद डावर ने बताया कि 17 मार्च 2026 को उनके विरुद्ध धारा 229(2), 240, 3(5) BNS के तहत दर्ज FIR पूरी तरह निराधार और द्वेषपूर्ण भावना से प्रेरित है।

द्वेषपूर्ण कार्रवाई का आरोप

कार्यकर्ताओं का कहना था कि उन्होंने एक दुर्घटना के मामले में जनहित में आवाज उठाई थी, जिसे गलत तरीके से प्रस्तुत कर कार्रवाई की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित पुलिस अधिकारियों ने बदले की भावना से FIR दर्ज की है, जिससे संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा है और समाज में गलत संदेश जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सामाजिक कार्यकर्ताओं पर इस तरह की कार्रवाई होती रही तो लोकतंत्र की मूल भावना पर सवाल खड़े होंगे।

आदिवासी समाज की आवाज दबाने का आरोप

जयस प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष राजू पटेल ने इस कार्रवाई को आदिवासी समाज की आवाज को दबाने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी, पुलिस जांच जारी

जयस प्रदेश प्रवक्ता संदीप नरगावे ने कहा कि संगठन हमेशा समाजहित में कार्य करता आया है, लेकिन इस तरह की झूठी FIR से कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही FIR खारिज नहीं की गई तो संगठन प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन करेगा। एडिशनल एसपी धीरज बब्बर ने बताया कि पूर्व में बालसमुद पुलिस चौकी में जयस कार्यकर्ताओं के खिलाफ भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में अपराध पंजीबद्ध किया गया था। उसी मामले में कार्यकर्ता एसपी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा है। पुलिस द्वारा प्रकरण की जांच की जा रही है।


 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!