सेंधवा में भाजपा की जीत पर जश्न, कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी, शहर में निकला भव्य विजयी जुलूस
सेंधवा में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर, आतिशबाजी और नारों के बीच मनाई ऐतिहासिक जीत की खुशी

जनोदय पंच। सेंधवा में पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों में भाजपा को मिले जनसमर्थन के बाद कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। मिठाई वितरण, नारेबाजी और शाम को निकाले गए भव्य जुलूस के साथ पूरे नगर में उत्सव का माहौल बना रहा।
चुनावी जीत पर जश्न
पश्चिम बंगाल व असम के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिले भारी जन समर्थन और विजय के रुझानों के बाद सेंधवा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और भारत माता की जय तथा भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाए।

विकास और सुशासन की जीत
भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने बताया कि सोमवार सुबह 10 बजे से ही कार्यकर्ता नगर पालिका अध्यक्ष के जनसंपर्क कार्यालय पर एकत्रित होने लगे थे। जैसे-जैसे भाजपा के पक्ष में रुझान आए, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने कहा कि यह विजय कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और जनता के समर्थन का परिणाम है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एस. वीरा स्वामी ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री के नेतृत्व और भाजपा की नीतियों पर जनता के विश्वास को दर्शाती है। भाजपा पूर्व उपाध्यक्ष विकास आर्य ने इसे विकास और सुशासन की जीत बताया।
जुलूस और उत्सव का माहौल
नपा उपाध्यक्ष मोहन जोशी और छोटू चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह भाजपा को एक मजबूत संगठन के रूप में दर्शाता है। शाम को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा नगर में भव्य विजयी जुलूस निकाला गया। डीजे के साथ आतिशबाजी कर खुशी जताई गई और पूरे नगर में उत्सव का माहौल रहा। इस दौरान राहुल पवार, गणेश राठौड़, विवेक छाबड़ा, सुनील शर्मा, लच्छू मोटवानी, नितेश अग्रवाल, अमित आर्य, विवेक तिवारी, प्रखर शर्मा, श्रीज दुबे, योगेश सोनी, भागीरथ सोनी, सचिन शर्मा, रमेश पाल, राधेश्याम शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



