राष्ट्रीयमुख्य खबरेराजनीति

चेन्नई में खत्म हुआ सियासी सस्पेंस, TVK प्रमुख विजय कल लेंगे तमिलनाडु मुख्यमंत्री पद की शपथ

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विजय को सरकार गठन का न्योता दिया, शनिवार को हो सकता है शपथ ग्रहण।

जनोदय पंच। तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जारी राजनीतिक सस्पेंस समाप्त हो गया है। TVK प्रमुख विजय को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने सरकार बनाने की मंजूरी दे दी है। कांग्रेस, CPI, CPI(M) और VCK के समर्थन से विजय ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है और शनिवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।


राज्यपाल से मुलाकात के बाद सरकार गठन का दावा

TVK प्रमुख और अभिनेता विजय ने शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन चेन्नई स्थित लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने TVK, कांग्रेस, CPI, CPI(M) और VCK के कुल 118 विधायकों के समर्थन पत्र सौंपते हुए सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसके बाद राज्यपाल ने विजय को सरकार गठन की मंजूरी दे दी। विजय शनिवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

बहुमत के आंकड़े तक पहुंची TVK

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में TVK ने 234 में से 108 सीटों पर जीत दर्ज की। इनमें विजय ने दो सीटों पर जीत हासिल की। कांग्रेस के 5 विधायकों के समर्थन से पार्टी का आंकड़ा 113 तक पहुंचा। वहीं CPI, CPI(M) और VCK के दो-दो विधायकों के समर्थन से यह संख्या 119 तक पहुंच गई। इससे पहले 6 और 7 मई को भी विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया था, लेकिन राज्यपाल ने 118 विधायकों का समर्थन पत्र प्रस्तुत करने की शर्त रखी थी।

वाम दलों ने बाहर से समर्थन का ऐलान किया

CPI(M) नेता यू. वासुकी ने कहा कि CPI और CPI(M) की राज्य समिति की बैठकों में TVK को बाहर से समर्थन देने का निर्णय लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वाम दल मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होंगे, लेकिन विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव के दौरान TVK के पक्ष में मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि धर्मनिरपेक्षता, लोगों की एकता और राज्यों के अधिकार जैसे मुद्दों पर वाम दल समर्थन जारी रखेंगे। VCK ने भी वाम दलों के फैसले का समर्थन करने की बात कही है।

विजय आवास और पार्टी कार्यालय में जश्न

राज्यपाल से मुलाकात के बाद विजय लोकभवन से रवाना हो गए। चेन्नई स्थित उनके आवास और पार्टी कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। वहीं CPI के प्रदेश सचिव वीरपांडियन ने CPI(M) के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि लोकतंत्र में उतार-चढ़ाव सामान्य हैं और तमिलनाडु की जनता ने TVK को समर्थन देकर सरकार बनाने का फैसला किया है। ANI के मुताबिक, TVK सूत्रों ने सुप्रीम कोर्ट में किसी याचिका दायर किए जाने की खबरों से इनकार किया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!