आलीराजपुर में अवैध शराब तस्करी पर पुलिस का प्रहार, 11.47 लाख रुपये की सामग्री जब्त, मामला दर्ज
आलीराजपुर में कट्ठीवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 पेटी अंग्रेजी शराब और XUV-300 कार जब्त

जनोदय पंच। आलीराजपुर जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कट्ठीवाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 पेटी अंग्रेजी शराब और परिवहन में प्रयुक्त XUV-300 कार जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 11.47 लाख रुपये है। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सूचना के आधार पर की गई योजनाबद्ध कार्रवाई
आलीराजपुर जिले में पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के निर्देशन में अवैध शराब के विरुद्ध प्रभावी अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कट्ठीवाड़ा पुलिस ने प्राप्त सूचना के आधार पर त्वरित और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए अवैध शराब का परिवहन कर रहे वाहन को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 20 पेटी अंग्रेजी शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त XUV-300 कार क्रमांक GJ-01-KU-2747 को जब्त किया।
11.47 लाख रुपये की सामग्री बरामद
पुलिस के अनुसार, जब्त की गई 20 पेटी अंग्रेजी शराब की अनुमानित कीमत लगभग 1,47,500 रुपये है, जबकि परिवहन में प्रयुक्त XUV-300 कार की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 11,47,500 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की है। आरोपी के विरुद्ध थाना कट्ठीवाड़ा में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 46 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना कट्ठीवाड़ा के सउनि. हिमचन्द निनामा, सउनि. यशवंत पाटीदार, सउनि. रामविर सिंह सेंगर, प्रआर. चन्दरसिंह, दयालसिंह, मोतीसिंह, आर. जितेन्द्र तथा आशीष की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



