खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

बड़वानी में नर्मदा परिक्रमा मार्ग का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, कटीली झाड़ियां हटाने और पेयजल-बिजली व्यवस्था सुधारने के निर्देश

कठोरा से कुली तक ग्रामीण क्षेत्रों का किया दौरा, परिक्रमावासियों के ठहराव स्थलों पर टेंट, साफ-सफाई और आश्रय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

जनोदय पंच। मां नर्मदा की परिक्रमा पर निकले श्रद्धालुओं का बड़वानी जिले में आगमन शुरू हो गया है। परिक्रमावासियों की यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्टर ने विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने नर्मदा परिक्रमा मार्ग के अंतर्गत ग्राम कठोरा, सोंदुल, भवती, मोरकट्टा, बोरखेड़ी एवं कुली का दौरा किया। उन्होंने बड़वानी से बोरखेड़ी (कुली) तक नर्मदा परिक्रमा पथ का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को मोरकट्टा से कुली तक रास्ते में मौजूद कटीली झाड़ियों एवं अन्य अवरोधों को तत्काल हटाकर मार्ग सुगम बनाने के निर्देश दिए। वहीं वन विभाग को कुली से घोंघसा तक के पगडंडी रास्ते को सही एवं सुचारू करने के लिए कहा।

पेयजल और बिजली व्यवस्था के निर्देश

परिक्रमावासियों को यात्रा के दौरान शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही विद्युत विभाग को नर्मदा परिक्रमा के ठहराव स्थलों पर पर्याप्त एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए निर्देशित किया गया।

ठहराव स्थलों पर टेंट और साफ-सफाई पर जोर

कलेक्टर ने पंचायत विभाग को मार्ग में आने वाले ठहराव स्थलों पर टेंट सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। इसके अलावा नर्मदा परिक्रमा पथ पर स्थित यात्री प्रतीक्षालयों, ठेल टंकियों एवं पेयजल के अन्य साधनों की गहन साफ-सफाई कराने और उन पर रंग-रोगन का कार्य प्राथमिकता से पूरा करने को कहा।

बोरखेड़ी में आश्रय स्थल स्वीकृत कराने के निर्देश

परिक्रमावासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ग्राम बोरखेड़ी (कुली) में आश्रय स्थल स्वीकृत कराने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अर्पित गुप्ता, डीएफओ आशीष बंसोड़, एसडीएम बड़वानी भूपेंद्र रावत, बड़वानी एवं पाटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!