इंदौर में 25.02 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ आरोपी गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच ने करीब तीन लाख का मशरूका किया जब्त
सुलभ कॉम्प्लेक्स के पास संदिग्ध हालत में मिला युवक, मोटरसाइकिल की सीट से बरामद हुई मेफेड्रोन

जनोदय पंच। इंदौर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 25.02 ग्राम एमडी ड्रग्स और मोटरसाइकिल बरामद हुई। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपए बताई गई है।
संदिग्ध हालत में खड़ा मिला युवक
क्राइम ब्रांच की टीम को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों की तलाश में शहर में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान डीआरपी लाइन के पीछे शिवालय मार्ग स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स के पास काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया।
मोटरसाइकिल की सीट से मिली एमडी ड्रग्स
पूछताछ में युवक ने अपना नाम पृथम शाक्तावत, निवासी बेटमा बताया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की सीट के अंदर पारदर्शी पन्नी में 25.02 ग्राम एमडी यानी मेफेड्रोन ड्रग्स बरामद हुई। ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 50 हजार रुपए कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की। इस तरह करीब तीन लाख रुपए का मशरूका जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 124/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।
सप्लाई नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी
क्राइम ब्रांच आरोपी से ड्रग्स के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी 9वीं कक्षा तक पढ़ा है और प्रिंटिंग प्रेस में मजदूरी करता है। ड्रग्स कहां से आई और आगे किन लोगों को सप्लाई की जानी थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।



