नागलवाड़ी में जयस के नेतृत्व में विश्व आदिवासी दिवस का समापन, भव्य रैली और आमसभा में उमड़ा जनसैलाब
सैकड़ों समाजजन हुए शामिल, जल-जंगल-जमीन और संवैधानिक अधिकारों को लेकर एकजुटता का दिया संदेश

जनोदय पंच। बड़वानी के नागलवाड़ी में जयस संगठन के नेतृत्व में विश्व आदिवासी दिवस का समापन कार्यक्रम भव्य रैली और आमसभा के साथ हुआ। सांस्कृतिक चल समारोह में महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और वरिष्ठजनों सहित सैकड़ों समाजजन शामिल हुए। कार्यक्रम में आदिवासी अधिकारों और सामाजिक मुद्दों को लेकर संदेश दिया गया।
पेट्रोल पंप से निकला सांस्कृतिक चल समारोह
राजपुर तहसील के ग्राम नागलवाड़ी में केली रोड स्थित पेट्रोल पंप से सांस्कृतिक चल समारोह निकाला गया। रैली में शामिल महिला, पुरुष, बच्चों और वरिष्ठजनों के हाथों में तीर-कमान तथा भगवान बिरसा मुंडा और टंट्या मामा के छायाचित्र थे। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा अमर रहे, टंट्या मामा अमर रहे, जल जंगल जमीन कुणीन छै-हामरी छै और 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस अमर रहे जैसे नारे लगाए गए।

बाबा भीलट देव परिसर में हुई आमसभा
रैली बस स्टैंड होते हुए बाबा भीलट देव परिसर पहुंची, जहां आमसभा का आयोजन किया गया। जयस की राष्ट्रीय प्रभारी सीमा वास्कले ने बताया कि 9 अगस्त से शुरू हुआ विश्व आदिवासी दिवस का कार्यक्रम 25 अगस्त तक पूरे जिले में धूमधाम से मनाया गया। नागलवाड़ी में जिले के समापन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

संवैधानिक अधिकारों और सामाजिक मुद्दों पर एकजुटता का संदेश
सीमा वास्कले ने युवाओं से एकजुटता के साथ संवैधानिक हक-अधिकार, 5वीं-6वीं अनुसूची, पेसा कानून, जल-जंगल-जमीन, महिलाओं पर बढ़ते शोषण-अत्याचार, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित अन्य मुद्दों को लेकर आगे आने का आह्वान किया।
नागलवाड़ी में यादव समाज के जगदिश यादव और शेरू गाडरे की ओर से जयस संगठन के पदाधिकारियों को लाल गमछा और पुष्पमाला पहनाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
जयस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में जयस संभाग संयोजक मोहन किराड़े, राजपुर जयस ब्लॉक अध्यक्ष रवि चौहान, नागलवाड़ी जयस संरक्षक जगदिश चौहान, अध्यक्ष सुनिल बडोले, प्रभारी कुंदन वास्कले, शेरू किराड़े, विजय चौहान, शेरू गाडरे, रवि डावर, अजय अखाड़े, गोलु चौहान, बलराम चौहान, बबलु जमरे, बादल भटनागर जिला मीडिया प्रभारी, महेश चौहान, गोविंद चौहान, जंगलया चौहान, राधे किराड़े, सखाराम भटनागर और गोपाल जमरे सहित सैकड़ों जयस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पुलिस व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस थाना नागलवाड़ी प्रभारी रामकुमार पाटील और उनकी टीम मुस्तैद रही। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। जयस ब्लॉक अध्यक्ष रवि चौहान ने नागलवाड़ी थाना पुलिस टीम का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।


