इंदौर में 53.39 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ आरोपी गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच ने स्कूटर सहित 5.80 लाख का मशरूका जब्त
टीसीएस के पास पुलिस को देखकर भागने लगा युवक, तलाशी में पैंट की जेब से बरामद हुई एमडी ड्रग्स

जनोदय पंच। इंदौर में क्राइम ब्रांच ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 53.39 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने ड्रग्स के साथ एक्सेस-125 स्कूटर जब्त किया। कुल मशरूका करीब 5.80 लाख रुपए का है।
टीसीएस के पास संदिग्ध हालत में मिला युवक
क्राइम ब्रांच की टीम अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों की तलाश में शहर में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राण्ड रियासत कॉलोनी में टीसीएस के पास सिल्वर रंग की एक्सेस स्कूटर पर एक संदिग्ध युवक नजर आया। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पैंट की जेब से 53.39 ग्राम एमडी बरामद
पूछताछ में आरोपी की पहचान उज्जैन निवासी आयुष नागर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसकी पैंट की बायीं जेब से 53.39 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। बरामद ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 40 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी के पास मादक पदार्थ रखने या उसके परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार, स्कूटर भी जब्त
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एमडी ड्रग्स और एक्सेस-125 स्कूटर जब्त किया गया। स्कूटर की कीमत सहित कुल जब्त मशरूका करीब 5 लाख 80 हजार रुपए बताया जा रहा है।
ड्रग्स नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी
पुलिस के मुताबिक आयुष नागर 12वीं तक पढ़ा है और प्रॉपर्टी ब्रोकिंग का काम करता है। उसके खिलाफ पूर्व में भी एक गंभीर आपराधिक मामला दर्ज होना पाया गया है। क्राइम ब्रांच अब एमडी ड्रग्स की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क और उसके संपर्कों को लेकर पूछताछ कर रही है।
डीसीपी क्राइम राजेश त्रिपाठी के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य सुरागों को लेकर भी जांच कर रही है।



