इंदौर में कांग्रेस की जनसंघर्ष महारैली, वोट बचाओ-देश बचाओ के नारों के साथ गांधी भवन से कलेक्टोरेट तक प्रदर्शन
केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों व मतदाता सूची में बदलावों का विरोध, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग उठाई

जनोदय पंच। इंदौर में मंगलवार को कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों तथा मतदाता सूची में बदलावों के विरोध में जनसंघर्ष महारैली निकाली। सुबह 11 बजे गांधी भवन से शुरू हुई रैली कलेक्टोरेट पहुंची। प्रदर्शन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने की मांग भी उठाई गई।
गांधी भवन से कलेक्टोरेट तक निकाली महारैली
इंदौर में मंगलवार को शहर और जिला कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में जनसंघर्ष महारैली निकाली गई। सुबह 11 बजे गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुई रैली कलेक्टोरेट पहुंची। कांग्रेस ने इस आयोजन के लिए ‘कांग्रेस लाओ, देश बचाओ’ और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे दिए। रैली के जरिए पार्टी ने केंद्र और राज्य सरकारों की नीतियों के साथ मतदाता सूची में किए गए बदलावों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने की मांग
कांग्रेस नेता देवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और वरिष्ठ नेताओं के निर्देश पर महारैली आयोजित की गई। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है।
पार्टी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की मांग उठाई। इसके साथ ही मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग को लेकर कलेक्टोरेट तक प्रदर्शन किया गया।
एक सप्ताह तक की गई थी तैयारी
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि महारैली में अधिक से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस ने एक सप्ताह तक तैयारी की। इसमें सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों और प्रभारियों, वरिष्ठ नेताओं तथा प्रदेश कांग्रेस के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों ने भाग लिया।
मोर्चा-संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी पहुंचे
महारैली में शहर एवं जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष और युवा कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई तथा महिला कांग्रेस सहित विभिन्न मोर्चा-संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने साथियों के साथ शामिल हुए। इसके अलावा वर्तमान और पूर्व पार्षद, पार्षद प्रत्याशी तथा पंचायतों के पंच, सरपंच और अन्य पदाधिकारी भी रैली में पहुंचे।



