सेंधवा में ग्रीष्मकालीन जल संकट की आशंका, तीसरी फसल की बुवाई पर रोक लगाने की मांग
नपा अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने कलेक्टर जयति सिंह को पत्र लिखकर रलावती बांध के पेयजल को सुरक्षित रखने का किया अनुरोध

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। सेंधवा में कम वर्षा के कारण आगामी गर्मी में पेयजल संकट की आशंका को देखते हुए नगर पालिका ने तैयारी शुरू कर दी है। पेयजल के लिए आरक्षित जल को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जनवरी में तीसरी फसल की बुवाई पर रोक और दिसंबर अंत तक सिंचाई की नहरें बंद करने की मांग की गई है।
नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने जिला कलेक्टर जयति सिंह को लिखे पत्र में बताया कि सेंधवा की पेयजल आपूर्ति के लिए रलावती बांध से प्रतिवर्ष ग्रीष्मकाल हेतु 1.11 एमसीएम जल आरक्षित कराया जाता है। संभावित जल संकट को देखते हुए इस वर्ष पेयजल के लिए 2 एमसीएम जल आरक्षित कराया गया है।
भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने बताया कि मध्यप्रदेश में औसत वर्षा में लगभग 22 प्रतिशत की कमी के कारण आगामी गर्मी में पेयजल उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ गई है। ऐसे में समय रहते आवश्यक कदम उठाना जरूरी है।
नदी किनारे पानी के उपयोग से आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका
बसंती बाई यादव ने पत्र में बताया कि रलावती बांध से नगर पालिका के बैराज तक आरक्षित जल को नदी मार्ग से लगभग 18 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। इस दौरान नदी किनारे के किसान सिंचाई के लिए पानी का उपयोग करते हैं, जिससे नगर तक पर्याप्त जल पहुंचने में परेशानी हो सकती है।
जनवरी में तीसरी फसल की बुवाई पर रोक की मांग
नपा अध्यक्ष ने मांग की है कि किसान खरीफ और रबी की फसल लेने के बाद जनवरी में तीसरी फसल की बुवाई न करें। तीसरी फसल के लिए नदी से बड़े पैमाने पर पानी उपयोग होने की आशंका है। इसलिए संभावित ग्रीष्मकालीन जल संकट से बचने के लिए तीसरी फसल की बुवाई पर रोक लगाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने दिसंबर माह के अंत तक रलावती बांध से सिंचाई के लिए संचालित नहरें बंद करवाने का भी अनुरोध किया, ताकि पेयजल के लिए आरक्षित पानी का अनावश्यक उपयोग रोका जा सके और नगर पालिका के बैराज तक पर्याप्त जल पहुंच सके।
संबंधित विभागों को निर्देश देने का अनुरोध
बसंती बाई यादव ने कलेक्टर जयति सिंह से अनुविभागीय दंडाधिकारी, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग बड़वानी और अनुविभागीय अधिकारी कृषि सेंधवा को आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि नगरवासियों को गर्मी में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसलिए समय रहते व्यवस्था करना जरूरी है। इस दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अरुण चौधरी, भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल और विक्की वर्मा उपस्थित रहे।



