
सेंधवा। सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय खेल महोत्सव का आयोजन वीर बलिदानी खाज्या नायक महाविद्यालय सेंधवा में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में नगर की सांदीपनि विद्यालय की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रस्साकसी प्रतियोगिता के फाइनल में स्थान बनाया। जीत के साथ टीम ने अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रवेश सुनिश्चित कर लिया है, जहां संस्था छात्राओं का प्रतिनिधित्व करेगी। विद्यालय की बालिकाओं के इस प्रदर्शन पर संस्था के प्राचार्य और स्टाफ सदस्यों ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। विद्यालय की ओर से टीम के साथ शिक्षक अनिस शेख, श्रीमती पूजा भदौरिया और श्रीमती सुनीता सोलंकी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में छात्राओं के प्रदर्शन को विद्यालय ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना है और जिला स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा जताई है।



