मुख्य खबरेखरगोन-बड़वानी

पानसेमल: वांगरा उपचुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, श्याम बरडे के नेतृत्व में कांग्रेस का गढ़ ढहा

पानसेमल विधानसभा क्षेत्र में दो उपचुनावों में भाजपा को प्रचंड बहुमत

पानसेमल। विधानसभा क्षेत्र के मंडल जलगांव अंतर्गत ग्राम पंचायत वांगरा के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक विजय दर्ज की है। इस जीत को पानसेमल विधायक श्याम बरडे के सशक्त नेतृत्व, संगठनात्मक क्षमता और कार्यकर्ताओं के समन्वित प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। वर्षों से कांग्रेस का गढ़ मानी जाने वाली ग्राम पंचायत वांगरा में भाजपा की जीत ने क्षेत्र की राजनीति में नया अध्याय जोड़ दिया है।

उपचुनाव के परिणाम को लेकर सुबह से ही पानसेमल तहसील मुख्यालय पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित रहे। मतगणना प्रारंभ होते ही रुझान भाजपा के पक्ष में स्पष्ट होने लगे। भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी मौसम्बी बाई गंगाराम किराडे ने 195 मतों के बड़े अंतर से विजय हासिल कर ग्राम पंचायत वांगरा में भाजपा का परचम लहराया। वहीं नगर परिषद वार्ड उपचुनाव में भी भाजपा ने जीत दर्ज की, जिससे दोनों ही उपचुनावों में कांग्रेस को करारी पराजय का सामना करना पड़ा।

पानसेमल नगर परिषद वार्ड उपचुनाव और ग्राम पंचायत वांगरा सरपंच उपचुनाव—दोनों सीटों पर भाजपा की जीत को विधायक श्याम बरडे की कुशल चुनावी रणनीति, मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने की नेतृत्व क्षमता से जोड़कर देखा जा रहा है। क्षेत्र में विधायक की छवि एक सक्रिय जनसेवक के रूप में स्थापित हुई है, जिन्होंने गांव, गरीब, मजदूर और किसानों से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ धरातल पर उतारा है।
बीते एक वर्ष में पानसेमल विधानसभा क्षेत्र की 15 से 16 कांग्रेस समर्थित ग्राम पंचायतों के सरपंचों द्वारा भाजपा की सदस्यता ग्रहण करना भी राजनीतिक समीकरणों में आए बदलाव को दर्शाता है। उपचुनाव में मिली जीत को इन्हीं जनभावनाओं की स्वीकृति के रूप में देखा जा रहा है। परिणाम घोषित होने के बाद तहसील मुख्यालय से एक विशाल विजय जुलूस निकाला गया, जो डीजे और ढोल-ताशों के साथ नगर होते हुए विधायक जनसंपर्क कार्यालय पहुंचा। यहां कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई देकर मुंह मीठा कराया।

इस अवसर पर विधायक श्याम बरडे ने अपने संबोधन में कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित विकास कार्यक्रमों पर जनता के विश्वास की जीत है। उन्होंने इसे “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के संकल्प का साकार रूप बताया।

कार्यक्रम के दौरान गोविंद जोशी, कन्हैया जैन, जिला महामंत्री सचिन चौहान, श्याम हरसोला, मंडल अध्यक्ष चेन सिंह गदरे, चंद्रकांत महाजन, प्रकाश जोशी, प्रेम सिंह पटेल, उत्तम चौहान, योगेश जैन, राकेश दावरे, वासुदेव जाधव, संजू सांवले, हितेंद्र हरसोला सहित पार्षद, सरपंच और वांगरा व आसपास की ग्राम पंचायतों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

वांगरा उपचुनाव में भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत को क्षेत्र की जनता द्वारा विधायक श्याम बरडे की कार्यकुशलता, विकासपरक सोच और जनसेवा के प्रति समर्पण पर दी गई मजबूत मुहर के रूप में देखा जा रहा है। यह परिणाम पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!