बड़वानी में मुख्यमंत्री मोहन यादव के दौरे से पहले पुलिस ने कारकेड रिहर्सल कर सुरक्षा व्यवस्था परखी
हेलिपैड, कार्यक्रम स्थल, वीआईपी मार्ग, पार्किंग और प्रवेश-निकास व्यवस्था का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

रमन बोरखड़े। जनोदय पंच। बड़वानी में 14 अगस्त को प्रस्तावित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दौरे से पहले पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा रिहर्सल की। हेलिपैड से कार्यक्रम स्थल तक कारकेड मूवमेंट का अभ्यास किया गया। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने अधिकारियों और जवानों को जिम्मेदारियां सौंपकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
14 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बड़वानी जिले के ग्राम तलुन, बोरलाय और बड़वानी में आगमन प्रस्तावित है। दौरे को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा रिहर्सल और मॉक ड्रिल की। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में हेलिपैड से कार्यक्रम स्थल तक मुख्यमंत्री के काफिले की मूवमेंट का सजीव अनुकरण किया गया।

हेलिपैड से पार्किंग तक व्यवस्थाओं का निरीक्षण
रिहर्सल के दौरान पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हेलिपैड, मुख्य कार्यक्रम स्थल, मंच, वीआईपी एप्रोच रोड, आमजन के प्रवेश एवं निकास मार्ग, कलेक्ट्रेट और पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया। ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को उनके निर्धारित पॉइंट पर तैनात कर जिम्मेदारियों के प्रति सजग किया गया।

यातायात और आपातकालीन व्यवस्थाओं की तैयारी
हेलिपैड से कार्यक्रम स्थल तक यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष रूट प्लान तैयार किया गया। आमजन को असुविधा न हो, इसके लिए मार्ग प्रबंधन की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया गया। किसी अप्रिय स्थिति या आपातकाल से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम की मॉक ड्रिल कर उनकी तत्परता परखी गई।

एसपी ने दिए सतर्कता और समन्वय के निर्देश
रिहर्सल के बाद पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग ली। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होने देने और सभी जवानों को सतर्कता, शालीनता तथा समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी/डीएसपी (महिला सुरक्षा) महेश सुनैया, एसडीओपी राजपुर बी.एल. आटोदे, एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे, डीएसपी/रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल, रक्षित निरीक्षक उषा सिसोदिया, थाना प्रभारी (कोतवाली) निरीक्षक बलजीत बिसेन, यातायात थाना प्रभारी रजनी भार्गव सहित जिले के थाना प्रभारी और बाहरी इकाइयों से आए पुलिस अधिकारी व जवान मौजूद रहे।



