खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा

सेंधवा के जोगवाड़ा रोड पर फिर भड़का विवाद, धारदार हथियार से हमले में तीन युवक घायल

पुराने विवाद के बाद दो पक्षों में दोबारा झड़प, पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता और जांच शुरू की

जनोदय पंच। सेंधवा के जोगवाड़ा रोड क्षेत्र में शनिवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद में धारदार हथियार से हमला होने की घटना सामने आई। फरदीन कुरैशी, सोनू उर्फ अरशद और अदनान घायल हो गए, जिनका सिविल अस्पताल में उपचार कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सेंधवा शहर के जोगवाड़ा रोड क्षेत्र में शनिवार को मारपीट और धारदार हथियार से हमले की घटना सामने आई। घटना में फरदीन कुरैशी, सोनू उर्फ अरशद और अदनान घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।

पुराने विवाद के चलते दोबारा हुई झड़प

घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार को हुए विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच शनिवार को फिर झड़प हुई। फरियादी ने अपनी शिकायत में धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात कही है।

चार-पांच दिन पुराने विवाद से जुड़ा मामला

पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच चार-पांच दिन पहले भी विवाद हुआ था, जिसे उस समय शांत करा दिया गया था। इसके बाद शुक्रवार को भी दोनों पक्षों के बीच एक घटना हुई थी। उसी विवाद की कड़ी में शनिवार को फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ गया।

फरियादी की शिकायत पर थाने में मामला दर्ज किया जा रहा है। वहीं शुक्रवार की घटना के संबंध में फरियादी की शिकायत पर सिकंदर, उसके भाई जाबू, हसनैन, रिहान और जाफर के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पुलिस बल तैनात, जांच जारी

सुरक्षा की दृष्टि से जोगवाड़ा रोड स्थित विवादित स्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!