पानसेमल को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग तेज, विधायक श्याम बरडे ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात कर सौंपा मांग पत्र
अल्प वर्षा से फसलों पर संकट, नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को राहत देने की मांग; प्रतिनिधिमंडल के साथ जल्द मुख्यमंत्री से करेंगे मुलाकात

जनोदय पंच। पानसेमल। क्षेत्र में अल्प वर्षा के कारण किसानों की फसलों पर संकट गहराने के बीच विधानसभा को सूखाग्रस्त घोषित करने और प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग उठी है। फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को शासन की पात्रतानुसार सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।
अल्प वर्षा से खेती-किसानी पर असर
पानसेमल विधानसभा क्षेत्र में इस वर्ष पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसानों के सामने फसलों को बचाने और कृषि कार्य जारी रखने की चुनौती खड़ी हो गई है। बड़वानी जिले के इस क्षेत्र में वर्षा की कमी को देखते हुए विधायक श्याम जी बरडे ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर विधानसभा क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की है।

विधायक बरडे ने कहा कि यदि आगामी समय में भी वर्षा की स्थिति अनुकूल नहीं रहती है, तो इसका असर किसानों की आर्थिक स्थिति के साथ पूरे क्षेत्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है। उन्होंने शासन से वर्षा की स्थिति और फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत देने का आग्रह किया है।
प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से करेंगे मुलाकात
विधायक श्याम बरडे ने कहा कि वे शीघ्र ही जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात करेंगे। इस दौरान पानसेमल विधानसभा क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित करने तथा प्रभावित किसानों को शासन की पात्रतानुसार राहत और किसान कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग रखेंगे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों और आम नागरिकों की भावनाओं को शासन तक पहुंचाकर उन्हें अधिक से अधिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

किसानों को राहत दिलाना प्राथमिकता
विधायक बरडे ने कहा कि किसान अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी आजीविका फसलों पर निर्भर करती है। ऐसे कठिन समय में किसानों की समस्याओं का समय पर समाधान करना जरूरी है। उन्होंने शासन से वर्षा की वास्तविक स्थिति, फसलों की दशा और किसानों को हुए नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराने की मांग की, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार शीघ्र सहायता मिल सके।
किसान हितैषी योजनाओं का भी किया उल्लेख
विधायक श्याम बरडे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसान कल्याण एवं किसानों की आय बढ़ाने के संकल्प और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित किसान हितैषी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों को नियमानुसार अधिकतम राहत दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। किसानों के अधिकारों और हितों की रक्षा करना तथा संकट के समय उनके साथ खड़े रहना प्राथमिकता है।



