सेंधवा के नेहरू स्कूल में गरबा महोत्सव की धूम, गुजराती और निमाड़ी गीतों पर विद्यार्थियों ने दी प्रस्तुतियां
संस्था अध्यक्ष रविन्द्रसिंह मंडलोई ने नवरात्रि के महत्व के साथ बेटियों के सम्मान, समान अवसर और अच्छे संस्कार अपनाने का दिया संदेश

जनोदय पंच। सेंधवा। शिक्षा प्रसारक समिति द्वारा संचालित नेहरू स्मृति हायर सेकंडरी हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम स्कूल में नवरात्रि के अवसर पर गरबा महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में गुजराती, राजस्थानी, निमाड़ी और आदिवासी गरबा गीतों पर प्रस्तुतियां दीं।
गरबा एकता, अनुशासन और समर्पण का उत्सव
कार्यक्रम के दौरान संस्था अध्यक्ष रविन्द्रसिंह मंडलोई ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय त्योहार हमारी संस्कृति और परंपराओं की पहचान हैं। गरबा केवल नृत्य नहीं, बल्कि सामूहिक आनंद, एकता, अनुशासन और समर्पण का उत्सव है। मिलकर गरबा करने से आपसी प्रेम, सहयोग और भाईचारे की भावना मजबूत होती है।

उन्होंने कहा कि नवरात्रि केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि नारी शक्ति, साहस, भक्ति, सकारात्मकता और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। मां दुर्गा के नौ स्वरूप जीवन में अलग-अलग गुण अपनाने की प्रेरणा देते हैं। मां शैलपुत्री दृढ़ता, मां ब्रह्मचारिणी तप और अनुशासन तथा मां दुर्गा अन्याय के विरुद्ध खड़े होने का संदेश देती हैं।
बेटियों को समान अवसर देने पर दिया जोर
रविन्द्रसिंह मंडलोई ने विद्यार्थियों से कहा कि वे देश का भविष्य हैं और मां दुर्गा से शक्ति, ज्ञान तथा आत्मविश्वास की प्रेरणा लें। जीवन में सच्चाई, अनुशासन और अच्छे संस्कार अपनाएं। उन्होंने विशेष रूप से बेटियों का सम्मान करने, उन्हें समान अवसर देने और ऐसा समाज बनाने पर जोर दिया, जहां प्रत्येक महिला सुरक्षित, सम्मानित और आत्मनिर्भर महसूस करे।

पारंपरिक वेशभूषा में विद्यार्थियों ने दी प्रस्तुतियां
कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने गुजराती, राजस्थानी, निमाड़ी और आदिवासी गरबा गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थी रंग-बिरंगी पोशाकों और सांस्कृतिक वेशभूषा में नजर आए। उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ गरबा किया।

ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष पीरचंद मित्तल, बी.एल. जैन, दिलीप कानूनगो, उपाध्यक्ष शैलेष कुमार जोशी, कोषाध्यक्ष दीपक लालका, सहसचिव मनोज कानूनगो तथा समिति के समस्त सदस्य उपस्थित रहे। इनके साथ प्राचार्य हेमंत खेड़े, प्राचार्य राहुल मंडलोई, उपप्राचार्य देवेंद्र कानूनगो और शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद थे।



