मोहर्रम पर्व के मद्देनजर जिलेभर में पुलिस का पैदल भ्रमण, शांति और सुरक्षा बनाए रखने सड़कों पर उतरी टीम

जनोदय पंच। मोहर्रम पर्व के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बड़वानी पुलिस ने व्यापक जनसंवाद एवं पैदल भ्रमण अभियान शुरू किया है। पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन को सुरक्षा, यातायात और साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं तथा सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की।
जिलेभर में चला पैदल भ्रमण अभियान
पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिलेभर के सभी थाना क्षेत्रों में सघन पैदल भ्रमण एवं जनसंवाद अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर आमजन, व्यापारियों, महिलाओं और बच्चों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान लोगों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां एवं आवश्यक समझाइश भी दी गई।

जनजागरूकता पर विशेष जोर
अभियान के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन एवं इमरजेंसी सेवाओं की जानकारी दी गई। वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। पुलिस ने साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों के बारे में भी लोगों को जागरूक किया।

त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील
मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए आमजन से सकारात्मक चर्चा की गई। पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि पर्व सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। सार्वजनिक स्थानों पर सतर्कता बरतने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से दूर रहने की अपील भी की गई।
आमजन के लिए पुलिस की सलाह
बड़वानी पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ अथवा अपमानजनक पोस्ट साझा नहीं करने, यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाकर जिले की शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का भी आग्रह किया।



